मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को बड़वानी जिले के जुलवानिया में आयोजित पारंपरिक ‘भगोरिया उत्सव’ में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए न केवल कलाकारों के साथ मांदल की थाप पर नृत्य किया, बल्कि इस लोक पर्व को ‘राजकीय पर्व’ का दर्जा देकर इसकी गरिमा बढ़ाने की बात भी दोहराई। उन्होंने कहा कि भगोरिया केवल एक मेला नहीं, बल्कि प्रकृति और आनंद के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का प्रतीक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के किसानों और बुनियादी ढांचे के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि ‘किसान कल्याण वर्ष’ की पहली कृषि कैबिनेट में 27,500 करोड़ रुपये के कार्यों का निर्णय लिया गया है। बड़वानी के उद्यानिकी विकास के लिए कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और एक आधुनिक सब्जी मंडी की स्थापना की जाएगी। साथ ही, खेतिया कृषि उपज मंडी को ‘आदर्श मंडी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पलसूद और ओझर बायपास सहित कई नई सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की गई।