मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके कैबिनेट सहयोगियों ने सोमवार को निमाड़-मालवा के परम आराध्य लोक देवता भीलट देव के चरणों में शीश नवाकर ‘किसान कल्याण वर्ष’ की पहली कृषि कैबिनेट की शुरुआत की। सतपुड़ा की पहाड़ियों पर स्थित इस रमणीय स्थल पर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश के अन्नदाताओं की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर की सकारात्मक ऊर्जा और प्राकृतिक सुंदरता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान निमाड़ के महान संत श्री सियाराम बाबा के योगदान को याद करते हुए कहा कि मंदिर के जीर्णोद्धार में उनका अतुलनीय सहयोग है। दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ सामूहिक चित्र खिंचवाया और कहा कि माँ नर्मदा के आशीर्वाद से निमाड़ का किसान आज प्रगतिशील और आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है।