शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 1400 अंक चढ़ा, निफ्टी 22,950 के पार
24 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में मजबूत तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1400 अंक यानी 1.91% की बढ़त के साथ 74,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 450 अंक यानी 1.95% चढ़कर 22,950 तक पहुंच गया है। आज के कारोबार में बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखी गई।
दोपहर करीब 1 बजे बाजार में तेजी उस समय और बढ़ गई, जब अल अरबिया की एक मीडिया रिपोर्ट सामने आई। इस रिपोर्ट में दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि इस खबर की अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घरेलू बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत भी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमलों को पांच दिनों के लिए अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और इसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो 2.94% की बढ़त के साथ 24,638 पर पहुंच गया। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.27% चढ़कर 26,787 पर रहा। निफ्टी आईटी 2.18% बढ़कर 29,782 पर और निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.61% की तेजी के साथ 25,075 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा मेटल, मीडिया, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
वैश्विक बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.77% की तेजी के साथ 51,910 पर है, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.74% चढ़कर 5,500 तक पहुंच गया। हांगकांग का हैंगसेंग 1.45% और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.95% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
अमेरिकी बाजारों में 23 मार्च को तेजी दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स 631 अंक यानी 1.38% बढ़कर 46,208 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 1.38% चढ़कर 21,946 पर और S&P 500 इंडेक्स 74 अंक यानी 1.15% की बढ़त के साथ 6,581 पर बंद हुआ।
कच्चे तेल की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव के बीच तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड 4% बढ़कर 104 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। वहीं इंडियन बास्केट की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक दर्ज की गई है। इससे पहले ट्रम्प के हमले टालने के बयान के बाद कीमतें 100 डॉलर से नीचे आ गई थीं।
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया मजबूत हुआ है। डॉलर के मुकाबले रुपया 34 पैसे चढ़कर 93.64 पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 93.98 पर बंद हुआ था।
इससे पहले 23 मार्च को बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1837 अंक यानी 2.46% गिरकर 72,696 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 602 अंक यानी 2.60% की गिरावट के साथ 22,513 पर बंद हुआ था।