आईपीएल 2026 में रविवार को डबल हेडर के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट में दोनों टीमों की स्थिति एक-दूसरे से बिल्कुल अलग रही है।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में मजबूत प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल रही है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स अब तक अपनी पहली जीत दर्ज नहीं कर सकी है। KKR ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम के लिए यह मैच प्रतिष्ठा बचाने जैसा माना जा रहा है। दूसरी ओर, राजस्थान भी हैदराबाद के खिलाफ पिछली हार के बाद वापसी की कोशिश करेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें कोलकाता ने 16 और राजस्थान ने 12 मैच जीते हैं। दो मैच टाई रहे, जिन्हें राजस्थान ने अपने नाम किया, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा। पिछले सीजन में खेले गए दोनों मैचों में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत दर्ज की थी।
कोलकाता की खराब फॉर्म के चलते कप्तान अजिंक्य रहाणे की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं। टीम कई बार मजबूत स्थिति से मैच गंवा चुकी है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित हुआ है। पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश से धुला मैच ही अब तक KKR को एकमात्र अंक दिला सका है।
टॉस के फैसलों और टीम चयन को लेकर भी आलोचना हो रही है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ नमी वाली पिच पर पहले बल्लेबाजी का निर्णय टीम के लिए नुकसानदायक साबित हुआ, जहां शुरुआती झटकों ने मैच की दिशा बदल दी। इसके साथ ही, हेड कोच अभिषेक नायर की रणनीतियों पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
गेंदबाजी विभाग में भी KKR को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से लय में नजर नहीं आए हैं। उन्हें पावरप्ले में इस्तेमाल करना महंगा साबित हुआ, हालांकि पिछले मैच में उन्होंने कुछ अहम विकेट लेकर वापसी के संकेत दिए। टीम चयन में भी असमंजस देखा गया है, जहां रचिन रवींद्र को बाहर रखना और टिम सीफर्ट को देर से मौका देना चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस मुकाबले के बाद ईडन गार्डन्स में लगभग एक महीने तक कोई मैच नहीं खेला जाएगा, क्योंकि कोलकाता में विधानसभा चुनाव होने हैं। KKR 16 मई को दोबारा अपने घरेलू मैदान पर लौटेगी। ऐसे में घरेलू दर्शकों के सामने पहली जीत दर्ज करने के लिए टीम पूरी कोशिश करेगी। कैमरून ग्रीन की 79 रन की पारी और चक्रवर्ती के फॉर्म में लौटने के संकेत टीम के लिए सकारात्मक पहलू हैं।