होर्मुज स्ट्रेट में फायरिंग पर भारत की चिंता, ईरानी राजदूत से विदेश सचिव की बातचीत

होर्मुज स्ट्रेट में फायरिंग पर भारत की चिंता, ईरानी राजदूत से विदेश सचिव की बातचीत

भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय झंडे वाले दो जहाजों पर हुई फायरिंग की घटना पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। शनिवार को विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में बयान जारी किया और बताया कि इस मुद्दे पर नई दिल्ली में ईरान के राजदूत के साथ उच्चस्तरीय बातचीत हुई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि शनिवार शाम ईरान के राजदूत को विदेश मंत्रालय में बुलाया गया, जहां उनकी विदेश सचिव के साथ बैठक हुई। इस दौरान विदेश सचिव ने होर्मुज स्ट्रेट में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर भारत की गंभीर चिंता से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस घटना की जद में भारत के झंडे वाले दो जहाज आए थे।

बैठक में विदेश सचिव ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को भारत की प्राथमिकता बताते हुए इस पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में ईरान ने भारत आने वाले कई जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान करने में सहयोग किया है।

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, विदेश सचिव ने इस गंभीर घटना पर चिंता दोहराते हुए ईरानी राजदूत से आग्रह किया कि वे भारत की चिंताओं को अपने देश के अधिकारियों तक पहुंचाएं। साथ ही, होर्मुज स्ट्रेट से भारत आने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग की प्रक्रिया को शीघ्र बहाल करने की बात कही। ईरानी राजदूत ने भारत की चिंताओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इससे पहले, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) द्वारा शनिवार को जारी चेतावनी में बताया गया था कि ओमान के उत्तर-पूर्व में लगभग 20 नॉटिकल मील की दूरी पर गनबोट्स के जरिए एक टैंकर पर हमला किया गया। टैंकर के मास्टर के अनुसार, दो आईआरजीसी गनबोट्स बिना किसी वीएचएफ चेतावनी के पास आईं और गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि, इस घटना में टैंकर और उसके चालक दल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में भारत के झंडे वाले दो जहाज—‘जग अर्णव’ और ‘सन्मार हेराल्ड’—प्रभावित हुए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ‘जग अर्णव’ पर फायरिंग की गई, जबकि दूसरा जहाज सुरक्षित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *