जानापाव में 17.41 करोड़ से बनेगा ‘श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक’, 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री करेंगे अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

जानापाव में 17.41 करोड़ से बनेगा ‘श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक’, 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री करेंगे अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया है कि भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली जानापाव (महू) में 17.41 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य और दिव्य ‘श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ का निर्माण किया जा रहा है। यह स्थान एक प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य भगवान परशुराम और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, दर्शन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

आगामी 19 अप्रैल को जानापाव में ‘परशुराम प्रकटोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं शामिल होंगे। वे मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि की कामना करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री महाभारतकालीन अस्त्र-शस्त्रों और चक्रव्यूह कला पर आधारित एक अनूठी प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।

संस्कृति विभाग और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में कला और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। समारोह में मशहूर गायक सवई भट्ट अपनी टीम के साथ भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, पंडित विजय शंकर मेहता द्वारा लिखित और वीरेंद्र कुमार द्वारा निर्देशित ‘परशुराम नाट्य लीला’ का सजीव मंचन किया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।

भविष्य में बनने वाले ‘श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ में दोनों देवताओं की कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। परिसर में पत्थर और धातु से बना 30 फीट ऊंचा प्रवेश द्वार, कथा मंच, चार गजीबो, व्यू पॉइंट और खूबसूरत लैंडस्केपिंग होगी। यहां एक भव्य संग्रहालय और पांच विशेष दीर्घाएं (शस्त्र दीर्घा, उत्पत्ति दीर्घा, स्वरूप दीर्घा, संतुलन दीर्घा और ध्यान दीर्घा) भी बनाई जाएंगी, जो पौराणिक महत्व और भगवान की विभिन्न कलाओं को प्रदर्शित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *