मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उज्जैन को विकास और सामाजिक समरसता की दोहरी सौगात दी। शिप्रा तट स्थित कार्तिक मेला मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जहाँ 112 जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया, वहीं सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के दृष्टिगत करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ में आने वाले अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसमें हरसिद्धि की पाल से रामघाट मार्ग का चौड़ीकरण (21 करोड़ रुपये), महाकाल लोक में 2500 मीटर लंबा शेड निर्माण (13.30 करोड़ रुपये) और नीलगंगा व सोलह सागर का पुनर्जीवन शामिल है। उन्होंने यह भी साझा किया कि उज्जैन में नए एयरपोर्ट और सदावल में हेलीपैड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिससे भीड़ प्रबंधन और आध्यात्मिक अनुभव को सुगम बनाया जा सके।