सामूहिक विवाह फिजूलखर्ची रोकने और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सामूहिक विवाह फिजूलखर्ची रोकने और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन परंपरा में विवाह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जन्म-जन्मांतर का एक पवित्र बंधन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में फिजूलखर्ची और दिखावे की प्रवृत्ति को समाप्त करने का प्रभावी संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित 200 बेटियों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया और उनके परिवारों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में सादगी पर बल देते हुए कहा कि जब से सरकार और समाज ने सामूहिक विवाहों की जिम्मेदारी उठानी शुरू की है, तब से गरीब अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने समाज के संपन्न वर्ग से भी आह्वान किया कि वे सादगी को अपनाएं और सामूहिक विवाहों में सम्मिलित होकर एक नया ‘ट्रेंड’ स्थापित करें। मुख्यमंत्री ने अपना निजी उदाहरण साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं अपने पुत्र का विवाह भी सामूहिक सम्मेलन के माध्यम से ही संपन्न कराया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

बेटियों की शिक्षा को प्राथमिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माता-पिता का यह परम कर्तव्य है कि वे अपनी बेटियों की पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन और प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने आर्थिक आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि दिसंबर 2023 से अप्रैल 2026 तक राज्य में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना’ के अंतर्गत 1,70,187 बेटियों के हाथ पीले कराए जा चुके हैं। इस कल्याणकारी योजना के माध्यम से अब तक लगभग 1000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुँचाई गई है।

डॉ. यादव ने कहा कि इन आयोजनों का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बच्चों के विवाह के लिए कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने समाज सेवा के इस माध्यम को सर्वोत्तम बताते हुए कहा कि सरकार और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं और सामाजिक परिवर्तन के लिए दोनों का समन्वय अनिवार्य है। आष्टा में आयोजित इस गरिमामय समारोह में स्थानीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीक्षा सोनू गुणवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *