भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में खेली जा रही तृतीय राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 में 13 अगस्त को मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल के दम पर विभिन्न स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया। देश के विभिन्न राज्यों से आए नाविकों के बीच प्रदेश के सेलर्स ने अपनी तकनीकी दक्षता, संतुलन और तेज गति का परिचय देते हुए आईएलसीए-4, आईक्यू फॉइल, ट्वेंटिनाइनर और टेक्नो जैसे प्रमुख इवेंट्स में उल्लेखनीय बढ़त बनाई।
प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण आईएलसीए-4 बॉयज वर्ग में एनएसएस भोपाल के वासु चंद्रवंशी विजेता बने। उनके बाद एनएसएस भोपाल के ही शुभम यादव दूसरे, अंकित सिंह सिसोदिया तीसरे और घनश्याम यादव चौथे पायदान पर रहे, जिससे शीर्ष चार में मध्यप्रदेश के तीन प्रतिभागी शामिल रहे। आईएलसीए-4 गर्ल्स वर्ग में एनएसएस भोपाल की माही वर्मा ने पहला स्थान अर्जित किया। इसके साथ ही तुलसी पटले को तीसरा, आस्था पांडे को चौथा और मंका शर्मा को पांचवां स्थान मिला, जिसके चलते टॉप-5 में प्रदेश की चार खिलाड़ी रहीं।
आईक्यू फॉइल श्रेणी के मुकाबलों में एनएसएस भोपाल के आर्यन पाटीदार और प्रार्थना भोई ने उत्कृष्ट खेल दिखाया। आर्यन ने बॉयज वर्ग की चारों रेस जीतकर 4 नेट अंकों के साथ प्रथम स्थान पाया। प्रार्थना ने भी गर्ल्स वर्ग की सभी चार रेस में जीत हासिल करते हुए 4 नेट अंकों के साथ शीर्ष स्थान अपने नाम किया। वहीं ट्वेंटिनाइनर वर्ग में एनवायएससी के शोवण्य जोधा व हृदय जोशी की जोड़ी ने सभी चार रेस जीतकर पहला और एनएसएस के रुद्रेश सिंह पटेल व मयंक राजपूत ने दूसरा स्थान हासिल किया। ट्वेंटिनाइनर गर्ल्स में एनएसएस भोपाल की शगुन झा और अपर्णा चौधरी की टीम चारों रेस में अव्वल रहकर पहले पायदान पर रही।
टेक्नो वर्ग के अंतर्गत बॉयज यू-15 में एनएसएस भोपाल के अंकित विश्वकर्मा प्रथम और एमपीवायए के अयान खान दूसरे स्थान पर रहे। यू-17 बॉयज में एनएसएस भोपाल के सोहम योगेश राजपूत ने पहला, ईएमईएससी भोपाल के आरान मलिक ने दूसरा तथा एनएसएस भोपाल के स्वस्तिक गौतम ने तीसरा स्थान पाया। टेक्नो गर्ल्स यू-15 में एनएसएस भोपाल की अनन्या अवधिया पहले व विपासा सिंह दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि यू-17 में वायएएम की प्रियंशी एम. पाटिल प्रथम और एनएसएस भोपाल की तेजस्वी प्रजापति दूसरे स्थान पर रहीं। ऑप्टिमिस्ट वर्ग में एसएससी की शृंगारी रॉय पहले, टीएसए के कोंडा सामन्यु दूसरे, एनएसएस भोपाल के जाग्रव कुमार तीसरे, लिखित अहिरवार चौथे और गर्ल्स वर्ग में ध्रुवी टोंडन सातवें स्थान पर रहीं।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी सेलर्स को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। इस राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता का विधिवत समापन 16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा, जहां विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस तरह के आयोजनों और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से भोपाल देश के प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स हब के रूप में निरंतर सशक्त हो रहा है।