विश्व चैंपियन तीरंदाज शीतल देवी के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने बुधवार को वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज स्टेज-3 के अंतिम दिन 2 स्वर्ण और 4 कांस्य सहित कुल 6 पदक हासिल किए। विश्व की नंबर एक पैरा तीरंदाज शीतल ने महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में बेहद कड़े और तनावपूर्ण मुकाबले के दौरान सटीक निशाना साधते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में शीतल देवी और कजाकिस्तान की आइजादा सेइदान के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबले की शुरुआत में दोनों ही खिलाड़ियों ने 30-30 अंकों का अचूक स्कोर बनाया। दूसरे राउंड के समापन तक दोनों तीरंदाज 59-59 की बराबरी पर थीं। तीसरे राउंड में कजाक खिलाड़ी ने 28 और शीतल ने 27 अंक जुटाए, जिससे प्रतिद्वंद्वी को एक अंक की बढ़त मिल गई। चौथे दौर में दोनों का स्कोर 29-29 रहा, जिसके चलते भारतीय खिलाड़ी अंतिम चरण में एक अंक से पिछड़ रही थीं।
अंतिम और निर्णायक राउंड में शीतल ने जबरदस्त धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने 29 अंक बटोरे, जबकि आइजादा 28 अंक ही हासिल कर सकीं। पांच राउंड की समाप्ति पर मुकाबला 144-144 से बराबर हो गया, जिससे फैसला शूट-ऑफ के जरिए होना तय हुआ। स्वर्ण पदक के लिए हुए इस निर्णायक शूट-ऑफ में भारतीय तीरंदाज ने परफेक्ट 10 का स्कोर बनाया, जबकि आइजादा केवल 9 अंक ही जुटा सकीं और इस तरह शीतल ने खिताबी जीत दर्ज की।
व्यक्तिगत स्वर्ण से पहले शीतल देवी ने हमवतन टोमन कुमार के साथ मिलकर कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा का कांस्य पदक भी जीता था। कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने इराक की सारा अल हामिद और अब्बास कादिम की टीम को 157-145 के भारी अंतर से शिकस्त दी। इस मैच में शीतल और टोमन ने शुरुआती तीन राउंड में 39-39 का स्कोर किया और चौथे राउंड में पूरे 40 अंक जुटाए। पूरी भिड़ंत के दौरान भारतीय जोड़ी ने सिर्फ तीन अंक गंवाए।
पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह ने भी देश के पदक अभियान को मजबूती दी। उन्होंने भावना के साथ पैरा रिकर्व मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने चीन के लियांग किउरोंग और जिया लेई को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से पराजित किया। फाइनल में हरविंदर और भावना ने पहला सेट 35-31, दूसरा सेट 36-33 और तीसरा सेट 34-32 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन और कांस्य पदक जीते। भावना ने पैरा रिकर्व महिला व्यक्तिगत स्पर्धा के कांस्य प्लेऑफ में भारत की ही राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराया। वहीं, महिला व्यक्तिगत कंपाउंड में सरिता ने चीन की वांग हुइटिंग को 141-140 के नजदीकी अंतर से हराकर कांस्य पदक जीता। पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में टोमन कुमार ने इराक के अब्बास काधिम को 143-138 से मात देकर टूर्नामेंट में अपना दूसरा कांस्य पदक पक्का किया।