योकोसुका यात्रा पूरी कर स्वदेश लौटने को रवाना हुआ आईएनएस सह्याद्रि, मालाबार 2026 अभ्यास रहा सफल

योकोसुका यात्रा पूरी कर स्वदेश लौटने को रवाना हुआ आईएनएस सह्याद्रि, मालाबार 2026 अभ्यास रहा सफल

भारतीय नौसेना का अत्याधुनिक स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्रि मालाबार अभ्यास 2026 में अपनी भागीदारी सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद 12 नवंबर 2026 को जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे से रवाना हो गया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया गया कि इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने एक साथ हिस्सा लिया।

निर्देशित मिसाइलों से लैस आईएनएस सह्याद्रि ने इस अभ्यास के दोनों चरणों में सक्रिय भूमिका निभाई। अभ्यास के ‘बंदरगाह चरण’ में चारों देशों के नौसैनिकों ने विभिन्न पेशेवर कार्यक्रमों में शिरकत की। इसके बाद आयोजित ‘समुद्री चरण’ में चारों नौसेनाओं ने मिलकर कई समन्वित समुद्री अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

समुद्री चरण के दौरान नौसेनाओं की युद्धक तैयारियों और तालमेल को परखने के लिए विविध अभ्यास किए गए। इनमें पनडुब्बी रोधी युद्ध कौशल, समुद्री अवरोधन अभियान, तोप संचालन अभ्यास और जहाज पर चढ़कर तलाशी एवं जब्ती (वीबीएसएस) की कार्रवाई शामिल थी। साथ ही, समुद्री अभियान के बीच रसद एवं सामग्री की आपूर्ति करने और एक जहाज से दूसरे जहाज पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराने का भी अभ्यास किया गया।

अभ्यास के बंदरगाह चरण में परिचालन समन्वय से संबंधित गतिविधियों के साथ-साथ मित्र देशों के नौसैनिकों ने एक-दूसरे के जहाजों का दौरा किया। इसके अलावा, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से चारों देशों के नौसेना कर्मियों के बीच आपसी समझ विकसित हुई और उनके पारस्परिक संबंध पहले से अधिक प्रगाढ़ हुए। इन अभ्यासों से चारों नौसेनाओं को एक-दूसरे की कार्यशैली को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *