रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को स्पष्ट किया कि रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी एक रणनीतिक अनिवार्यता है। गैर-विनाशकारी मूल्यांकन और सहायक तकनीकों के 36वें वार्षिक सम्मेलन तथा एयरोस्पेस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। उन्होंने रेखांकित किया कि मिसाइल तकनीक, नौसैनिक जहाजों, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, रडार और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय सफलताएं देश के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और रक्षा उद्योग की बढ़ी हुई तकनीकी क्षमता को दर्शाती हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेनाओं के बेड़े में लगातार आधुनिक और जटिल प्रणालियां जुड़ रही हैं, ऐसे में उनकी गुणवत्ता और भरोसे को कायम रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी रक्षा उपकरण की प्रत्येक सामग्री, छोटे-बड़े हिस्से और पूरी निर्माण प्रक्रिया को गुणवत्ता के सख्त पैमानों पर खरा उतरना ही चाहिए।
कार्यक्रम में बोलते हुए सिंह ने कहा कि किसी देश का विकास केवल इस आधार पर नहीं आंका जा सकता कि उसने कौन-सी नई तकनीक ईजाद की है, बल्कि यह देखना भी जरूरी है कि उससे बनी प्रणालियां कितनी सुरक्षित और भरोसेमंद हैं। रक्षा क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां किसी भी लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने दोहराया कि गुणवत्ता केवल निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा भर नहीं है, बल्कि यह सैन्य अभियानों की विश्वसनीयता और देश की सुरक्षा का मुख्य आधार है।
इस संदर्भ में उन्होंने गैर-विनाशकारी परीक्षण और मूल्यांकन तकनीकों को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों की सहायता से किसी भी संरचना या कलपुर्जे को बिना कोई क्षति पहुंचाए उसकी मजबूती और अंदरूनी स्थिति की जांच की जा सकती है। इससे उत्पादन के दौरान ही किसी भी संभावित कमी को पकड़ना और उपकरण की गुणवत्ता तय करना आसान हो जाता है।
राजनाथ सिंह ने निर्माण क्षेत्र में बदलाव की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि अब केवल खामियां खोजने से काम नहीं चलेगा, बल्कि ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करनी होगी जहां त्रुटि होने की गुंजाइश ही न रहे। इसके लिए विनिर्माण के हर स्तर पर गुणवत्ता नियंत्रण को जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में नए प्रयोगों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार और संस्थानों द्वारा कई मजबूत तंत्र विकसित किए गए हैं, जिनसे नए विचारों को बल मिल रहा है।
मूल्यांकन तकनीकों में हो रहे आधुनिकीकरण का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि एआई, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, आधुनिक सेंसर, डिजिटल ट्विन और पूर्वानुमान विश्लेषण जैसी उभरती तकनीकों ने संरचनाओं की निगरानी और जांच के तरीके बदल दिए हैं। इनसे न केवल जांच तेज और सटीक होगी, बल्कि जटिल आंकड़ों का गहन विश्लेषण कर उन सूक्ष्म खामियों के संकेत भी पहले ही मिल सकेंगे, जो सामान्य तरीकों से नजर नहीं आतीं। उन्होंने कहा कि इन उन्नत तकनीकों को अपनाने से देश के रक्षा उपकरणों और प्रणालियों की सुरक्षा व विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी।