हिंद-प्रशांत के हर क्षेत्रीय ढांचे की धुरी है आसियान: पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में बोले पीएम मोदी

हिंद-प्रशांत के हर क्षेत्रीय ढांचे की धुरी है आसियान: पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में बोले पीएम मोदी

मनीला में मंगलवार को आयोजित वार्षिक पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक शांत, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को फिर से स्पष्ट किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 11 देशों का यह संगठन ‘आसियान’ किसी भी क्षेत्रीय व्यवस्था के केंद्र में स्थित है।

शिखर सम्मेलन में अपने विचार रखते हुए पीएम मोदी ने प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकालने के लिए संवाद और कूटनीति को सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की वकालत करते हुए जोर दिया कि ईएएस को वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि वर्तमान वैश्विक संकटों और संघर्षों का सीधा असर दुनिया भर में खाद्य, ईंधन और उर्वरक की आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को लगातार निशाना बनाए जाने का मुद्दा उठाते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे हर प्रयास का समर्थन करता है। उन्होंने शांतिप्रिय समाजों के लिए आतंकवाद से पैदा होने वाले खतरों की तरफ भी ध्यान दिलाया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूती देने का आह्वान किया। जायसवाल के मुताबिक, मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की समृद्धि और स्थिरता के लिए भारत के दृष्टिकोण को दोहराते हुए क्षेत्रीय ढांचे में आसियान की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित किया।

गौरतलब है कि 2005 में स्थापित पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करने का एक प्रमुख मंच है, जिसने इस क्षेत्र के रणनीतिक, भू-राजनीतिक और आर्थिक विकास में अहम योगदान दिया है। इस मंच में दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संघ (आसियान) के 11 सदस्य देशों के अलावा भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं।

आसियान शिखर सम्मेलन से इतर मंगलवार को मनीला में आयोजित हो रही इस बैठक में इस समूह की वैश्विक अहमियत साफ दिखाई दी। वर्ष 1967 में गठित आसियान को क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली संगठनों में गिना जाता है। इसके 11 सदस्यों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं, जबकि भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई प्रमुख देश इसके संवाद भागीदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *