भारत और इटली के बीच 2029 तक 20 अरब यूरो के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य: पीयूष गोयल

भारत और इटली के बीच 2029 तक 20 अरब यूरो के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि उनकी मौजूदा रोम यात्रा से भारत और इटली के आर्थिक संबंधों को नई दिशा मिलेगी और दोनों देशों के बीच निवेश व व्यापारिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साझा दृष्टिकोण के अनुरूप दोनों देश वर्ष 2029 तक आपसी व्यापार को 20 अरब यूरो तक ले जाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी बात साझा करते हुए गोयल ने बताया कि वे भारत-इटली आर्थिक सहयोग संयुक्त आयोग (जेसीईसी) की 23वीं बैठक तथा भारत-इटली बिजनेस फोरम के चौथे संस्करण की सह-अध्यक्षता करने जा रहे हैं। उन्होंने इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश व अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस दौरे के मौके पर ताजानी द्वारा लिखा गया लेख ‘रोम टू न्यू दिल्ली: बिल्डिंग ट्रस्ट, एंटीसिपेटिंग चेंज’ दोनों प्रधानमंत्रियों की साझा सोच को बखूबी दर्शाता है। गोयल ने यह भी रेखांकित किया कि बीते दस वर्षों में दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार दोगुना हुआ है और केवल दो साल के भीतर जेसीईसी तथा बिजनेस फोरम की चौथी बैठक होना आपसी संबंधों को प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दिखाता है।

केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने कहा कि दोनों देश आर्थिक व कारोबारी साझेदारी को विस्तार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पुष्टि की कि पिछले एक दशक में व्यापार दोगुना होने के बाद अब 2029 तक 20 अरब यूरो का लक्ष्य तय किया गया है। ताजानी के अनुसार, इटली की निर्यात संवर्धन योजना में भारत एक प्राथमिकता वाला देश है और यह केवल एक बड़ा उपभोक्ता बाजार न होकर औद्योगिक सहयोग, निवेश और संयुक्त उपक्रमों के लिहाज से भी बेहद अहम साझेदार है।

प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दोनों पक्षों के लिए बेहद लाभकारी और ‘गेम चेंजर’ बताते हुए ताजानी ने कहा कि इससे व्यापारिक गतिविधियों को बल मिलेगा। उनके मुताबिक, इस समझौते से उन्नत विनिर्माण, कृषि एवं औद्योगिक मशीनरी, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल कलपुर्जों, रसायन और फार्मास्युटिकल्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सीमा शुल्क कम होने की उम्मीद है।

नवाचार और तकनीकी साझेदारी को द्विपक्षीय एजेंडे का अहम हिस्सा बताते हुए ताजानी ने जानकारी दी कि जल्द ही भारत में एक ‘इटैलियन इनोवेशन सेंटर’ खोला जाएगा। यह केंद्र स्टार्टअप्स, शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों और नवाचार से जुड़े उद्योगों के बीच तालमेल बढ़ाएगा। इसके माध्यम से स्टार्टअप एक्सेलेरेशन, संयुक्त शोध, शैक्षणिक आदान-प्रदान और लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

ताजानी ने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में रोम में आयोजित साइंस एंड इनोवेशन डायलॉग के नए संस्करण से वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 1,000 इटैलियन कंपनियां भारत में सक्रिय हैं, जिनमें से कई ने यहां अपने विनिर्माण संयंत्र भी लगाए हैं। अब इटली भारत में अपनी व्यावसायिक उपस्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *