भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। ‘राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान’ की शुरुआत के नौ महीने पूरे होने से पहले ही देश भर में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा खुराकें दी जा चुकी हैं। यह कदम किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षित रखने में मददगार है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का रूप ले सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2026 में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए माता-पिता की सहमति आवश्यक है। अभियान के तहत सालाना करीब 1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभियान शुरू किए जाने के नौ महीने से भी कम वक्त में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल करने के लिए गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को बधाई दी, साथ ही बताया कि 12 राज्यों ने 80 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस प्रगति का श्रेय देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, स्वास्थ्य पेशेवरों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उनके अनुसार, सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और यू-विन (U-WIN) प्लेटफॉर्म के माध्यम से पात्र 14 वर्षीय किशोरियों को निःशुल्क और प्रभावी सिंगल-डोज टीका उपलब्ध होने से देश सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि देश ने नौ महीने से कम अवधि में 1 करोड़ से अधिक एचपीवी खुराकों का आंकड़ा पार कर लिया है। मंत्रालय ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि हर एक खुराक एक बेटी को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाती है। यदि किसी परिवार में 14 वर्ष की बेटी है, तो वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इस स्वैच्छिक और निःशुल्क सिंगल-डोज टीकाकरण की जानकारी ले सकते हैं।