प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शनिवार को बिहार के वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढाँचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन और परिवहन जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी कई परियोजनाएं आज राष्ट्र को समर्पित की गईं। इन पहलों से राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने, आमजन की सुविधाओं में विस्तार होने और बिहार की आर्थिक प्रगति को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में भी शिरकत की।
बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर निर्मित छह लेन वाले नीतीश सेतु को देश को समर्पित किया। करीब 4280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ यह 19.7 किलोमीटर लंबा पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से आपस में जोड़ता है। इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव घटेगा, सफर में लगने वाला समय कम होगा तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी ने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के साथ-साथ बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई, बिजली पारेषण व वितरण व्यवस्था से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी विकास से संबंधित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने लगभग 14,450 करोड़ रुपये की योजनाओं की नींव भी रखी। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-139 डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन में तब्दील करने, पीरपैंती सुपर ताप विद्युत परियोजना हेतु बिजली निकासी तंत्र और विभिन्न शहरी जलापूर्ति व सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। अन्य प्रमुख योजनाओं में नहरों का आधुनिकीकरण, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, आईआईटी पटना का अनुसंधान पार्क एवं छात्रावास तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है।