वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, रिकॉर्ड निर्यात और विदेशी निवेश से मिला बल: आरबीआई

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, रिकॉर्ड निर्यात और विदेशी निवेश से मिला बल: आरबीआई

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को जारी अपने नवंबर बुलेटिन में कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्त व असमान रफ्तार और बढ़ती अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने उल्लेखनीय मजबूती दर्ज की है। केंद्रीय बैंक के मुताबिक, अक्टूबर महीने में घरेलू आर्थिक गतिविधियों से जुड़े उच्च आवृत्ति संकेतक (हाई-फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स) मजबूत बने रहे, जिसे कर्ज की बढ़ती मांग और आर्थिक गतिविधियों की निरंतर गति से पूरा समर्थन मिला।

आरबीआई बुलेटिन में बताया गया है कि अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात अब तक के अपने सर्वोच्च मासिक स्तर पर पहुंच गया। निर्यात में लगातार सातवें महीने दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज होने के कारण देश का व्यापार घाटा पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले कम रहा। इसके साथ ही, वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत कॉरपोरेट प्रदर्शन के साथ कदम रखा है, जिसके स्पष्ट संकेत दूसरी तिमाही के नतीजों में मिले थे। अक्टूबर में त्योहारी मांग ने भी आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार दी।

घरेलू उपभोग और आर्थिक मजबूती का असर कर संग्रह पर भी दिखा। अक्टूबर में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में तेज उछाल आया और जुलाई 2017 में इस प्रणाली के लागू होने के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा मासिक संग्रह स्तर रहा। दूसरी ओर, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में केंद्र सरकार के राजकोषीय घाटे से जुड़े प्रमुख संकेतक पिछले वर्ष की तुलना में ऊंचे रहे, लेकिन इसके बावजूद सरकार के पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी जारी रही। यह बुनियादी ढांचे के विकास पर सरकार के निरंतर फोकस को दिखाता है। हालांकि, खाद्य एवं पेय पदार्थों की कीमतों में उछाल के कारण अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर (सीपीआई) 6 प्रतिशत के स्तर को पार कर गई, जबकि ईंधन और कोर महंगाई में भी हल्की बढ़त देखी गई।

वित्तीय और मुद्रा बाजार के मोर्चे पर भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। अक्टूबर में रिजर्व मनी और प्रचलन में मौजूद मुद्रा की वृद्धि दर पिछले पांच वर्षों के उच्चतम स्तर पर रही, वहीं बैंक ऋण वृद्धि भी मजबूत बनी रही। बेहतर कॉरपोरेट आय, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की वापसी से अक्टूबर के अंत से घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार सुधार आया। इसके अलावा, बाह्य वाणिज्यिक उधार (ईसीबी) और एनआरआई जमा में शुद्ध प्रवाह मजबूत रहा। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी और वैश्विक निवेश धारणा बेहतर होने से एफपीआई ऋण निवेश में भी तेजी लौटी, जिसके चलते अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से मजबूत होना शुरू हुआ भारतीय रुपया नवंबर में विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने के साथ और सुदृढ़ हुआ।

वैश्विक मोर्चे पर आरबीआई ने आगाह किया है कि आपूर्ति श्रृंखला की बाधाएं, ऊर्जा की ऊंची कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव अब भी विश्व अर्थव्यवस्था के लिए बड़े जोखिम बने हुए हैं। महंगाई के लगातार दबाव के कारण दुनिया के प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने बीते तीन महीनों में सख्त मौद्रिक रुख कायम रखा है। इसके अलावा, अक्टूबर और नवंबर के दौरान तकनीकी कंपनियों के ऊंचे मूल्यांकन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े शेयरों में गिरावट और ऊंची सरकारी बॉन्ड यील्ड्स ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता बढ़ाई है। पश्चिम एशिया में तनाव की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल और समुद्री यातायात पर दबाव बना हुआ है, हालांकि अक्टूबर के अंत के निचले स्तर के मुकाबले इसमें कुछ सुधार के संकेत दिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *