चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित विसंगति पाए जाने पर सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि दास को सात दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस के अनुसार, जवाब प्रस्तुत करने तक वह अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया में आवेदक द्वारा सत्य जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य शर्त है। यदि जांच के किसी भी चरण में विवरणों में अंतर सामने आता है या संबंधित अधिकारियों को तथ्य छिपाए जाने की जानकारी मिलती है, तो संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस देकर स्पष्टीकरण का अवसर प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई आरपीओ ने 23 नवंबर को सौरव दास को नोटिस भेजकर सात दिन में जन्मस्थान से जुड़ा स्पष्टीकरण मांगा है और इस अवधि में पासपोर्ट के उपयोग पर पाबंदी लगाई है।
ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता ने भारत और रूस के बीच उच्च स्तरीय संवाद की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत के विदेश मंत्री ने अपने रूसी समकक्ष से फोन पर चर्चा की है। बीते कुछ सप्ताहों के दौरान दोनों देशों के बीच कई स्तरों पर बातचीत हुई है, जिनमें द्विपक्षीय सहयोग के अलावा बहुपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों तथा विभिन्न संघर्षों से संबंधित विषयों पर विचार साझा किए गए।
सीमा विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जायसवाल ने कहा कि भारत और चीन के बीच कूटनीतिक तथा सैन्य माध्यमों से बातचीत की प्रक्रिया जारी है। हाल ही में पूर्वी सेक्टर में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच वार्ता संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालना और सीमा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना था, जिससे सीमा क्षेत्रों में शांति व स्थिरता बनी रहे।
वहीं, अमेरिका से भारतीय नागरिकों के निर्वासन के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत अवैध प्रवासन के सख्त खिलाफ है और निर्वासन की प्रक्रिया में अमेरिका के साथ सहयोग करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को भारत भेजे जाने की सूचना प्राप्त होने पर सर्वप्रथम उसकी राष्ट्रीयता की जांच की जाती है, और भारतीय नागरिकता की पुष्टि होने पर ही उसे वापस लेने की औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। जायसवाल के मुताबिक, इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका द्वारा 1,700 भारतीय नागरिकों को निर्वासित किया गया है।