वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 17,245 का नया रिकॉर्ड बनाया। सेंसेक्स 514 पॉइंट चढ़कर 57,852 पर और निफ्टी 158 पॉइंट की बढ़त के साथ 17,234 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 57,423 पर और निफ्टी 17,095 पर खुला था।
कारोबार के दौरान बाजार में जमकर खरीदारी हुई। सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर्स तेजी के साथ जबकि 8 शेयर्स कमजोरी के साथ बंद हुए। जिसमें TCS के शेयर 3.34% की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं M&M के शेयर में 2.29% की गिरावट रही।
BSE पर 3,340 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 1,983 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,206 शेयर्स लाल निशान पर बंद हुए। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 252 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 214 पॉइंट गिरकर 57,338 पर और निफ्टी 56 पॉइंट फिसलकर 17,076 पर बंद हुआ था।
BSE पर कारोबार के दौरान 224 शेयर्स 52 हफ्ते के ऊपरी स्तर पर और 21 शेयर्स 52 हफ्ते के निचले स्तर पर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा 362 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 183 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा।
इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 0.14% की कमजोरी के साथ 35,312 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.33% चढ़कर 15,309 और S&P 500 0.03% की बढ़त के साथ 4,524 पर बंद हुआ।