पोर्न फिल्म केस:गहना वशिष्ठ की मुश्किलें बढ़ीं, बॉम्बे हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत अर्जी खारिज की

पोर्न फिल्म केस में गहना वशिष्ठ को तगड़ा झटका लगा है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है। जस्टिस एसके शिंदे ने इस मामले में उनकी जमानत की अर्जी को मंगलवार को खारिज कर दिया। गहना ने पिछले महीने ये अर्जी लगाते हुए अग्रिम जमानत की मांग की थी।

बॉम्बे हाईकोर्ट से पहले गहना ने एक सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत की गुहार लगाई थी। लेकिन यहां उन्हें राहत नहीं मिली थी जिसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट का रूख किया था ताकि वो गिरफ्तारी से बच सकें।

6 महीने पहले पोर्न वीडियो बनाने के केस में अरेस्ट हो चुकी गहना पर आरोप थे कि उन्होंने 87 पोर्न वीडियो बनाए हैं और उन्हें अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया है। इन्हें देखने के लिए पेड सब्सक्रिप्शन की जरूरत पड़ती है, जिसका चार्ज 2000 रुपए रखा गया है।

पुलिस ने बताया था कि गहना स्ट्रगल कर रहीं एक्ट्रेसेस को काम का लालच देकर पोर्न वीडियो शूट करवाती थीं। काम के बदले में हर फिल्म के लिए 15 से 20 हजार रुपए देती थीं। लगभग 5 महीने जेल में बिताने के बाद, दिंडोशी सेशन कोर्ट ने आखिरकार उन्हें जमानत दे दी थी लेकिन राज कुंद्रा के पोर्न फिल्म केस में लिप्त होने के खुलासे के बाद गहना की मुसीबतें फिर बढ़ गई थीं। बाद में राज कुंद्रा केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गहना और दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए समन भेजा था लेकिन वो क्राइम ब्रांच के सामने पेश नहीं हुई थीं।

समन भेजे जाने पर गहना की तरफ से बयान आया था कि वे पूछताछ से बच नहीं रही हैं। वो मुंबई में नहीं थीं इसलिए वो क्राइम ब्रांच के सामने पेश नहीं हुईं। वो पुलिस को उन सभी लड़कियों और लोगों के नाम बताने तैयार हैं, जो पोर्न इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। इसके पहले गहना वशिष्ठ ने राज कुंद्रा का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने किसी को पोर्न फिल्म शूट करने के लिए मजबूर नहीं किया। पूनम पांडे और शर्लिन चोपड़ा झूठ बोल रही हैं।

32 साल की गहना का बचपन का नाम वंदना तिवारी है। उन्होंने भोपाल से रोबोटिक साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। गहना स्टार प्लस के शो ‘बहनें’ में लीड रोल में नजर आई थीं। 2012 में उन्होंने मिस एशिया बिकिनी कॉन्टेस्ट जीता था। इसके अलावा पिछले 6 साल में वे साउथ की 30 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं। गहना को पिछले साल ऑल्ट बालाजी की सीरीज ‘गंदी बात’ और उल्लू ऐप के शोज में देखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *