आयुष्मान खुराना का जन्मदिन

आयुष्मान खुराना का जन्मदिन

फिल्म ‘विक्की डोनर’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले एक्टर आयुष्मान खुराना 36 साल के हो गए हैं। 14 सितंबर, 1984 को पंजाब के चंडीगढ़ में जन्में आयुष्मान ने अपनी पूरी पढ़ाई चंडीगढ़ में की है। स्कूलिंग के बाद उन्होंने इंग्लिश लिटरेचर से ग्रैजुएशन और मास कम्यूनिकेशन में मास्टर्स डिग्री ली है। ग्लैमर इंडस्ट्री में आने से पहले वो स्थानीय थिएटर में 5 साल तक काम कर चुके थे।

इसी दौरान उनकी मुलाकात पत्नी ताहिरा से हुई थी। आयुष्मान के अनुसार, ताहिरा उनकी लाइफ की पहली और आखिरी लड़की हैं। एक इंटरव्यू के दौरान आयुष्मान ने यह कबूला था कि जब उनकी शादी ताहिरा से हुई, तब वे आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। उस वक्त उनके अकाउंट में केवल दस हजार रुपए थे।

आयुष्मान ने अपने बचपन की दोस्त ताहिरा कश्यप को जीवन साथी चुना है। ताहिरा जब 16 साल की थीं, तब आयुष्मान की उनसे मुलाकात हुई थी। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 साल की पहचान को दोनों ने 2011 में शादी में बदला। आयुष्मान के लिए ताहिरा काफी लकी साबित हुईं। शादी के बाद ही उन्होंने बॉलीवुड में सफल शुरुआत की। इस कपल के दो बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं। ताहिरा पेशे से ऑथर हैं।

आयुष्मान ने अपना करियर एंकर और रेडियो जॉकी के तौर पर शुरू किया था। लेकिन उन्हें पहचान 2004 में शो एमटीवी रोडीज का दूसरा सीजन जीत कर मिली। इससे पहले वो दिल्ली में बिग एफएम में आरजे हुआ करते थे। रेडियो के बाद आयुष्मान एमटीवी के कई शोज में वीडियो जॉकी बने और जल्द ही टीवी पर भी कई शो (इंडियाज गॉट टैलेंट, म्यूजिक का महामुकाबला) होस्ट करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *