किसानों का भारत बंद खत्म:

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को बुलाया गया किसानों का भारत बंद खत्म हो गया है। सुबह 6 से शाम 4 बजे तक रहे बंद के दौरान कई नेशनल और स्टेट हाईवे ब्लॉक रहे। कई रूट डायवर्ट करने पड़े। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। दिल्ली से जाने वाले कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। बंद का असर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ज्यादा दिखाई दिया। दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर को भी 10 घंटे बाद खोल दिया गया।

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत कहा कि भारत बंद पूरी तरह कामयाब रहा। अब संयुक्त किसान मोर्चा आगे की रणनीति बनाएगा। इस बीच प्रदर्शन के दौरान दिल्ली-सिंघु बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी जान गई है। मृतक किसान की पहचान भगेल राम के तौर पर हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद इसे लेकर ज्यादा जानकारी दी जा सकेगी।

कांग्रेस, RJD, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भारत बंद का समर्थन किया। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (AIBOC) से भी बंद को समर्थन मिला। वहीं, सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों की आपत्तियों पर विचार करने के लिए तैयार है।

बड़ी संख्या में किसान नोएडा अथॉरिटी के पास इकट्ठा हुए और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इसके बाद वे नोएडा अथॉरिटी की ओर चले गए।अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा कि भारत बंद को पिछले कई साल में इतना समर्थन कभी नहीं मिला था। 25 से ज्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ है। जब तक किसान विरोधी कानून वापस नहीं लिए जाते और MSP की गारंटी देने वाला केंद्रीय कानून न हो, हम तब तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है, लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है। वहीं, कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा कि आज एक साल हो गया है, जब तीन काले कानूनों के द्वारा देश की किसानी और किसान पर काले बादल ला दिए गए थे। आज हर भारतवासी को भाजपा का जो लक्ष्य है… किसान और किसानी खत्म उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, भारत बंद का समर्थन करके।कांग्रेस नेता और DPCC अध्यक्ष अनिल चौधरी सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने भारत बंद को गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताया और उन्हें धरनास्थल से उठने को कहा।

भारत बंद पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों से हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाया है। MSP बढ़ रही है। मंडियां भी फल-फूल रही हैं। जितनी भी आशंकाएं और अफवाहें थीं, उनका समाधान हो गया है। जो लोग हंगामा कर रहे हैं, वे किसानों का नुकसान कर रहे हैं।शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि किसान एक साल से आंदोलन कर रहे हैं। यह किसानों का बंद है। देश की जनता पूरी भावनाओं के साथ किसानों के साथ है। उद्योग तो वैसे ही बंद है। बेरोजगारी के कारण लोग वैसे ही घरों में बैठे हैं तो बंद तो चल रहा है। इसलिए किसानों ने भी बंद का ऐलान किया। हम मन से उनके साथ हैं।

भारत बंद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दुख की बात है कि शहीद भगत सिंह की जयंती पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आजाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *