दो सितारों की मुलाकात:सालों बाद धर्मेंद्र से मिलने उनके घर पहुंचीं मुमताज

वेटरन एक्ट्रेस मुमताज रविवार को धर्मेंद्र से मिलने उनके मुंबई स्थित घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने धर्मेंद्र और उनकी पत्नी प्रकाश कौर से मुलाकात की। तीनों के बीच तकरीबन 2-3 घंटे बातचीत का दौर चला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,सालों बाद हुई इस मुलाकात के दौरान धर्मेंद्र और मुमताज पुरानी यादों में खो गए और उन्होंने अपनी फिल्मों की शूटिंग के दौरान के कई किस्सों को भी याद किया। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं जिनमें से एक फोटो में धर्मेंद्र और मुमताज एक साथ पोज़ करते नज़र आ रहे हैं। इसके अलावा एक फोटो में धर्मेंद्र, प्रकाश कौर और मुमताज दिखाई दे रहे हैं।

आपको बता दें कि धर्मेंद्र और मुमताज़ ने लोफर, झील के उस पर जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों की इन फिल्मों में शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली थी। मुमताज ने 1974 में बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी करके फिल्मों को अलविदा कह दिया था।74 साल की मुमताज को साल 2000 में ब्रेस्ट कैंसर हुआ था। उन्होंने इससे जंग लड़ी और अब वे पूरी तरह ठीक हैं। वे लंबे वक्त से लंदन में ही रह रही हैं। उनकी बड़ी बेटी नताशा ने फिरोज खान के बेटे फरदीन से शादी की और वे भी लंदन में ही बस गईं। उनकी छोटी बेटी तान्या रोम में रहती हैं। मुमताज ने ‘गहरा दाग’, ‘हमराज’, ‘आपकी कसम’, ‘रोटी’ और ‘नागिन’ जैसी फिल्मों में काम किया है। उनकी जोड़ी राजेश खन्ना के साथ खूब पसंद की जाती थी।

85 साल के धर्मेंद्र की बात करें तो वो अब भी फिट एंड फाइन हैं। धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अक्सर अपनी लाइफ से जुड़े कई फोटो और वीडियो शेयर करते रहते हैं। धर्मेंद्र करण जौहर की अपकमिंग फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी नज़र आएंगे जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। इस फिल्म में आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, शबाना आजमी जैसे सितारे भी नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *