महाराष्ट्र, गुजरात में चक्रवात का कहर:

चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ का कहर अभी थमा भी नहीं है कि एक नए तूफान ‘शाहीन’ की आशंका ने महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, ‘शाहीन’ तूफान अरब सागर में उठेगा और महाराष्ट्र, गुजरात के समुद्री किनारे वाले इलाकों में असर दिखाएगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने गुजरात के 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात पश्चिम बंगाल के और करीब पहुंच गया है। इसकी वजह से कोलकाता के अलावा उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, हुगली, पूर्व-पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिले में सुबह से तेज बारिश हो रही है। कोलकाता के अहिरटोला में भारी बारिश के चलते एक मकान का कुछ हिस्सा ढह गया। राहत की बात ये रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

गुलाब तूफान की वजह से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ इलाकों में भारी बारिश जारी है। पिछले दो दिनों में हुई बारिश ने आठ जिलों के 182 सर्किलों में फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। लातूर जिले के उस्मानाबाद में खरीफ की फसलें बर्बाद हो गई हैं। औरंगाबाद, लातूर, परभणी, हिंगोली और नांदेड़ जिले बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यहां बाढ़ और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है।महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और पुणे जिलों में भी भारी बारिश हो रही है। मुंबई के निचले इलाकों में पानी जमा होने लगा है। कामकाजी दिन होने के कारण ऑफिस जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। NDRF की 7 टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। अब तक मराठवाड़ा में 560 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से 200 से ज्यादा पशु बह गए और कई मकानों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने मराठवाड़ा, मुंबई और कोंकण इलाकों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अनुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शाहीन तूफान भारत के पश्चिमी किनारे के समुद्री तटों से नहीं टकराएगा। यह महाराष्ट्र और गुजरात के समुद्री तटों के दूर से ही होकर 1 अक्टूबर को ओमान की तरफ बढ़ जाएगा, लेकिन इसकी वजह से महाराष्ट्र और गुजरात के समुद्री किनारे वाले हिस्सों में भारी बरसात होगी।मौसम विभाग और स्काईमेट की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसका असर पूर्वी राजस्थान में ज्यादा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक जयपुर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, जयपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, टोंक, सिरोही और उदयपुर जिलों में बादलों बिजली भी चमक सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *