इजराइल ने एक बार फिर सीरिया पर हवाई हमला किया है। इसमें 2 विदेशी लड़ाके मारे गए हैं। हमले में 6 सीरियाई सैनिकों के घायल होने की भी खबर है। ब्रिटेन की वाॅर मॉनिटर के मुताबिक, इजराइल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क के एयरपोर्ट पर मिसाइल दागी। हालांकि मृतकों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
सीरिया की सरकारी मीडिया सना के मुताबिक, हमला शुक्रवार रात 9 बजे हुआ। इजराइली की ओर से टी-4 सैन्य एयरबेस पर मिसाइल दागी गईं। इसमें 6 सैनिक घायल हुए हैं। उन्होंने बताया इजराइल ने एक ड्रोन डिपो को निशाना बनाया था।
इजराइल के डिफेंस ऑफिसर ने हमले की बात मानी है। उन्होंने कहा कि हम विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स पर टिप्पणी नहीं करते। हालांकि इजराइल ने सीरिया में ईरान से जुड़े सैन्य ठिकानों के खिलाफ सैकड़ों बार कार्रवाई की है, लेकिन कभी भी उसने हमले करने को स्वीकार नहीं किया है। बता दें कि, इजराइल को अपनी उत्तरी सीमा पर ईरानी घुसपैठ का डर बना रहा है और इसके चलते वो ईरानी बेस और लेबनानी आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करता रहता है।हिजबुल्ला का शाब्दिक अर्थ ‘ईश्वर का दल’ होता है। हिजबुल्ला लेबनान के शिया मुसलमानों का आतंकवादी संगठन और राजनीतिक पार्टी भी है। यह संगठन ईरान के शिया मुसलमानों के सिद्धांतों पर चलता है। 1982 में ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने लेबनान में घुसे इजराइली लोगों को मारने के लिए हिजबुल्ला की स्थापना की थी। हिजबुल्ला ईरान और सीरिया से राजनीतिक, सैद्धांतिक और सैन्य समर्थन हासिल करता रहा है। इजराइल इसीलिए ईरान के इस संगठन से नफरत करता है।