हफ्ते के दूसरे दिन यानी मंगलवार को लगातार 7 दिन के बाद बाजार की तेजी पर ब्रेक लग गया है। कारोबार के दौरान बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। लेकिन ये तेजी बाजार ने आखिरी के घंटे में गंवा दी इसी के साथ सेंसेक्स 50 पॉइंट यानी 0.08% गिरकर 61,716 पर और निफ्टी 58 पॉइंट यानी 0.32% की कमजोरी के साथ 18,418 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 62,245 का और 18,604 का स्तर छुआ। इससे पहले सेंसेक्स 62,156 और निफ्टी 18,602 के स्तर पर खुला था।सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 13 शेयर में खरीदारी और 17 शेयर में बिकवाली देखने को मिली। जिसमें टेक महिंद्रा के शेयर 4.12%, L&T के शेयर 3.26% और बजाज फिनसर्व के शेयर 1.99% की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं ITC के शेयर में 6% से ज्यादा की गिरावट रही।
रियल्टी, FMCG और मेटल शेयर्स पर दबाव देखने को मिला। NSE पर रियल्टी इंडेक्स 4.74%, FMCG इंडेक्स 3.19% और मेटल इंडेक्स 2.46% गिरकर बंद हुआ। वहीं IT शेयर्स में तेजी देखने को मिली। IT इंडेक्स 2.20% चढ़कर बंद हुआ।BSE पर 3,489 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 979 शेयर्स बढ़त के साथ और 2,382 शेयर्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 271 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
BSE पर कारोबार के दौरान 314 शेयर्स 52 हफ्ते के ऊपरी स्तर पर और 19 शेयर्स 52 हफ्ते के निचले स्तर पर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा 274 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 293 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 460 पॉइंट यानी 0.75% चढ़कर 61,765 पर और निफ्टी 138 पॉइंट यानी 0.76% की तेजी के साथ 18,477 के स्तर पर बंद हुआ था।ब्रेंट क्रूड में तेजी थमने का नाम नहीं ले रही है। ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। ग्लोबल स्तर पर सप्लाई कंसर्न के चलते क्रूड की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है।
FII और DII डाटा
14 अक्टूबर यानी गुरुवार को फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) ने 512.44 करोड़ रुपए की खरीदारी की। वहीं डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DIIs) ने बाजार से 1703.87 करोड़ रुपए निकाले।
इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार में मिला जुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 0.10% गिरकर 35,258 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.84% की बढ़त के साथ 15,021 और S&P 500 0.34% चढ़कर 4,486 पर बंद हुआ।