8 देशों का हवाई युद्धाभ्यास:इजरायल में अब तक का सबसे बड़ा अभ्यास

इजरायल में 8 देशों की वायुसेना का संयुक्त युद्धाभ्यास ब्‍लू फ्लैग 2021 चल रहा है। इसमें मेजबान इजरायल के साथ भारत, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन, फ्रांस, ग्रीस और अमेरिका के लड़ाकू विमानों समेत 1500 से ज्यादा जवान शामिल हैं, जिसमें भारतीय वायुसेना के 85 अधिकारी भी हैं। यह इजरायल में अब तक का सबसे बड़ा और आधुनिक हवाई अभ्यास है।

इजरायल के गठन के बाद पहली बार ब्रिटिश लड़ाकू विमान इजरायल की धरती पर उतरे हैं। यह अभ्यास 28 अक्टूबर तक चलेगा। पहली बार भारतीय मिराज विमान और फ्रांस के रफाल लड़ाकू विमान एक साथ हिस्सा ले रहे हैं। मिराज विमानों को हाल ही में टेक्नोलाॅजी और आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है।

इससे पहले, 2017 में भी भारत ने द्विवार्षिक युद्धाभ्यास में हिस्सा लिया था। तब वायुसेना का सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान के साथ 45 सदस्यों का दल गया था। उस वक्त पहली बार एफ-35 विमानों का प्रदर्शन हुआ था।

इस हवाई अभ्यास की शुरूआत मानद फ्लाईओवर के साथ हुई, जिसका नेतृत्व एफ-15 में इजरायली वायु सेना के कमांडर अमीकम नोरकिन ने किया। इस ड्रिल में इजरायली ‘अदिर’, एफ -35 स्टील्थ के इजरायली वर्जन के साथ किया गया। इजरायली वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हम एक जटिल इलाके में रह रहे हैं। हमें गाजा, लेबनान, सीरिया और ईरान हर तरफ से खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *