लखनऊ में अमित शाह:

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज एक दिन के दौरे पर लखनऊ में हैं। उन्होंने डिफेंस एक्सपो ग्राउंड पर 1.50 करोड़ नए सदस्य जोड़ने के अभियान का शुभारंभ किया। शाह ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। कहा कि यहां 2017 से पहले सपा-बसपा का खेल चलता था, इसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। कैराना में पलायन हो रहा था। अब किसी की हिम्मत नहीं है, पलायन कराने वाले पलायन कर गए।

शाह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से दो बड़े सवाल किए। पूछा कि 5 साल में विदेश में कितने दिन रहे? कोरोना और बाढ़ के समय आप कहां थे? अखिलेश ने शासन खुद के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है। कहा कि अखिलेश एंड कंपनी 2014, 2017 में हमें ताने मारती थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तिथि नहीं बताएंगे। अखिलेश बाबू हमने तो नींव भी बना दी। आप तो 5 हजार रुपए का चंदा देने से भी चूक गए।

अखिलेश यादव को मैं याद दिलाता हूं कि आपकी पार्टी की सरकार में निर्दोष रामभक्तों को गोलियों से भून दिया गया था। आज उसी जगह पर रामलला शान के साथ गगनचुंबी मंदिर में विराजमान होने वाले हैं।अब अमित शाह पार्टी दफ्तर जाएंगे। वे गृहमंत्री बनने के बाद पहली बार दफ्तर पहुंचे। शाम 3 बजे से पार्टी दफ्तर में बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। इसी बैठक में चुनावी तैयारियों का ब्लू प्रिंट फाइनल होगा। शाह का यह दौरा UP में विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 में इस देश ने अंगड़ाई ली थी। अवध प्रांत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। भगवान राम की भूमि अयोध्या भी इसी में आता है। हम लोग आने वाले समय में बहुत तेजी के साथ इस पूरे अभियान के साथ जुड़ेंगे। अयोध्या के दीपोत्सव के कार्यक्रम से जुड़ेगी। उससे पहले जो भी हमारे भाजपा परिवार से जुड़ना चाहता है वो साथ आएगा। हर परिवार को भाजपा परिवार के साथ जोड़ेंगे।

डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने कहा है हमने जो 5 साल में किया वो सपा-बसपा ने 15 साल में कुछ नहीं किया। धारा 370 हटाने की बात कोई करता था तो लोग बोलते थे कि भाजपा वाले झूठ बोल रहे हैं, लेकिन अमित शाह ने वन, टू और थ्री बोलते हुए कश्मीर को फ्री कर दिया।

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 में किसी ने सोचा नहीं था कि 10 सांसद से हम 73 तक जाएंगे, लेकिन अमित शाह ने ऐसा कर दिखाया। अब 2022 में भी हम 300 से ज्यादा सीट लेकर आएंगे। अमित शाह का यहां आना ही हमारी जीत का प्रतीक है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अटल ने राजधर्म और नरेंद्र मोदी ने सेवा धर्म सिखाया। कार्यकर्ताओं को सम्मान अमित शाह ने दिलाया। अब रात 12 बजे बेटी होटल और रेस्टोरेंट से खाना खाने के बाद निकल सकती है। सपा और बसपा की सरकार में लोग दिन में निकलने से डरते थे। सपा सरकार में नौकरी के लिए सैफई से सूची आती थी लेकिन अब समाज के हर वर्ग को नौकरी मिल रही है।

भाजपा के सदस्यता अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के 14000 कार्यकर्ता मौजूद रहे। अवध क्षेत्र में कुल 82 विधानसभा सीटें हैं। हर एक विधानसभा से लोगों को बुलाया गया है। ये सभी लोग कार्यक्रम स्थल पर ही पार्टी की सदस्यता ली है।

उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव को जीतने के लिए भाजपा ने जो रणनीति तैयार की है, उसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका पार्टी के इस सदस्यता अभियान की है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में भाजपा के लगभग ढाई करोड़ प्राथमिक सदस्य हैं। BJP की तैयारी है कि जनवरी तक इस सदस्यता अभियान में डेढ़ करोड़ नए सदस्य शामिल करते हुए इस संख्या को 4 करोड़ तक पहुंचाया जाए।

सदस्यता अभियान के बाद गृहमंत्री अमित शाह दोपहर में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर पहुंचकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, लोकसभा चुनाव 2019 में लोकसभा के प्रभारी व संयोजक शामिल होंगे।

इसके बाद शाह पार्टी के राज्य मुख्यालय में पहुंचेंगे। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश प्रभारी-सह प्रभारी, प्रदेश चुनाव प्रभारी-सह प्रभारियों सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी बैठक भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *