साउथ अफ्रीका Vs श्रीलंका:

टी-20 WC के 25वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को बेहद ही रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया है। टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 10 विकेट के नुकसान 142 रनों का स्कोर बनाया। पाथुम निसांका ने बढ़िया बैटिंग करते हुए (72) रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए तबरेज शम्सी और ड्वेन प्रीटोरियस 3-3 विकेट लेने में सफल रहे।143 रनों के टारगेट को अफ्रीकी टीम ने एक गेंद पहले 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। जीत में डेविड मिलर ने 13 गेंदों पर नाबाद 23 रनों की पारी खेली। बता दें, आखिरी ओवर में SA को जीतने के लिए 15 रनों की दरकार थी और श्रीलंका को जीत का फेवरेट माना जा रहा था, लेकिन मिलर ने दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो छक्के लगाते हुए SL की जीत के सपने को तोड़ दिया।

वानिंदु हसरंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए और हैट्रिक लेने में सफल रहे। उन्होंने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मार्करम, 18वें ओवर की पहली गेंद पर तेंबा बाउमा और दूसरी गेंद पर ड्वेन प्रीटोरियस को आउट कर हैट्रिक पूरी की।​​​​​​ श्रीलंका के लिए टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले वह पांचवें और टी20 वर्ल्ड कप के तीसरे खिलाड़ी बने। हसरंगा से पहले 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ब्रेट ली ने बांग्लादेश के खिलाफ और आयरलैंड के कर्टिस कैंफर ने नीदरलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी। ओवरऑल टी20 क्रिकेट की ये 23वीं हैट्रिक रही।टारगेट का पीछा करते हुए SA की शुरुआत खराब रही और चौथे ही ओवर में दुष्मंथा चमीरा ने दूसरी गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स (11) और चौथी गेंद पर क्विंटन डिकॉक (12) का विकेट चटकाया। SA का तीसरा विकेट रैसी वैन डेर डूसन (16) के रूप में गिरा। वह दासुन शनाका की डायरेक्ट हिट पर रन आउट हुए। चौथे विकेट के लिए एडेन मार्करम और तेंबा बाउमा ने 42 गेंदों पर 47 रन जोड़ टीम को मैच में वापस ला खड़ा किया। इस पार्टनरशिप को हसरंगा ने मार्करम (19) को आउट कर तोड़ा।

टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए SL की शुरुआत खराब रही और चौथे ओवर में कुसल परेरा 7 रन बनाकर एनरिक नॉर्त्या की गेंद पर आउट हो गए। चरित असलंका 21 के स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। अगले ही ओवर ने शम्सी ने भानुका राजपक्षे (0) को आउट कर श्रीलंका की कमर तोड़कर रख दी। शम्सी यही नहीं रुके और अपने अगले ही ओवर में अविष्का फर्नांडो (3) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर SA को चौथी सफलता दिलाई। वानिंदु हसरंगा (4) का विकेट भी शम्सी के खाते में आया। कप्तान दासुन शनाका (11) का विकेट ड्वेन प्रीटोरियस ने हासिल किया।

19वें ओवर में प्रीटोरियस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी गेंद पर चमिका करुणारत्ने (5) और चौथी गेंद पर शानदार बैटिंग कर रहे पाथुम निसांका (72) को आउट किया। आखिरी ओवर में एनरिक नॉर्त्या ने दुष्मंथा चमीरा (3) को बोल्ड किया और अंतिम गेंद पर लाहिरु कुमारा (0) रन आउट हुए।साउथ अफ्रीकी गेंदबाज एक के बाद एक विकेट चटका रहे थे, लेकिन श्रीलंका के युवा सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने एक छोर को संभाले रखा और 58 गेंदों पर 72 रनों की शानदार पारी खेली। निसांका का टी-20I करियर का ये दूसरा अर्धशतक रहा। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अभी तक कमाल का खेल दिखाया और 6 मैचों में 28.17 की औसत के साथ 169 रन बना चुके हैं।

वेस्टइंडीज के ‌खिलाफ क्विंटन डिकॉक नहीं खेले थे। दरअसल, दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को मैचों से पहले नस्लवाद के खिलाफ मुहिम में शामिल होने को कहा था। डिकॉक ने निजी फैसला लेते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इस बात पर वे ट्रोल हो हुए थे और बाद में माफी मांगनी पड़ी थी। माफी मांगने के बाद आज उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी हो गई है।

दोनों टीमें

SA– तेंबा बाउमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रैसी वैन डेर डूसन, एडेन मार्करम, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, ड्वेन प्रीटोरियस, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्या, तबरेज शम्सी

SL– कुसल परेरा (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, चरित असलंका, अविष्का फर्नांडो, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीक्षाना, लाहिरु कुमारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *