टी-20 WC के 26वें मुकाबले में इंग्लैंड ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया है। एकतरफा जीत के साथ ही सेमीफाइनल के लिए भी ENG ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए कंगारू टीम ने निराश किया और 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 125 रन ही बना सकी। कप्तान एरोन फिंच 44 टॉप स्कोरर रहे। ENG की ओर से क्रिस जॉर्डन ने 3 विकेट चटकाए।
126 रनों के टारगेट को इंग्लैंड ने बहुत ही आसानी के साथ 11.4 ओवर के खेल में केवल दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। जीत में स्टार ओपनर जोस बटलर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 32 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए।
टारगेट का पीछा करते हुए ENG की शुरुआत धमाकेदार रही और पहले विकेट के लिए 39 गेंदों पर जेसन रॉय और जोस बटलर ने 66 रन जोड़े। एडम जम्पा ने रॉय (22) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। AUS को दूसरी सफलता एस्टन एगर ने डेविड मलान (8) को आउट कर दिलाई।
पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में क्रिस वोक्स ने डेविड वार्नर (1) को आउट कर पवेलियन भेजा। अगले ही ओवर में क्रिस जॉर्डन ने स्टीवन स्मिथ (1) को आउट कर ENG को बड़ी सफलता दिलाई। वोक्स ने अपने अगले ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे ग्लेन मैक्सवेल (6) का विकेट लेकर कंगारू टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। मार्कस स्टोइनिस (0) का विकेट आदिल राशिद के खाते में आया। पांचवें विकेट के लिए 33 गेंदों पर 30 रन जोड़ कप्तान फिंच और मैथ्यू वेड ने टीम को वापस पटरी पर लाने का काम किया। यह साझेदारी आगे बढ़ ही रही थी कि लियाम लिविंगस्टन ने वेड (18) को आउट कर पवेलियन भेजा।
छठे विकेट के लिए फिंच और एस्टन एगर ने 36 गेंदों पर 47 रन जोड़े और फिर टीम की पारी को संभाला। इस पार्टनरशिप को टाइमल मिल्स ने एगर (20) को आउट कर तोड़ा। 19वें ओवर में क्रिस जॉर्डन ने पहली गेंद पर एक छोर संभालकर बैटिंग कर रहे एरोन फिंच (44) और दूसरी गेंद पर पैट कमिंस (12) को आउट किया।इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई चेंज नहीं किया है, जबकि AUS ने मिचेल मार्श के स्थान पर एश्टन एगर को टीम में जगह दी है। जो भी टीम यह मैच जीतेगी वह सुपर-12 के ग्रुप-1 में टॉप पर पहुंच जाएगी।
दोनों टीमें
ENG– जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड मालन, जॉनी बेयरस्टो, ओएन मॉर्गन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन, आदिल राशिद, टाइमल मिल्स
AUS– डेविड वार्नर, एरोन फिंच (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, एस्टन एगर, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।