काबुल में मिलिट्री हॉस्पिटल के पास फिदायीन हमला; 19 लोगों की मौत

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मंगलवार को मिलिट्री हॉस्पिटल के पास फिदायीन हमला हुआ। इसमें 19 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा घायल हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि काबुल में सरदार मोहम्मद दाऊद खान मिलिट्री हॉस्पिटल के पास गोलियों की आवाज भी सुनी गई। यह अफगानिस्तान का सबसे बड़ा मिलिट्री हॉस्पिटल है।

इस्लामिक अमीरात के डिप्टी प्रवक्ता बिलाल करीमी ने बताया कि काबुल के 10वें जिले में 400 बिस्तरों वाले हॉस्पिटल के एंट्री गेट पर दो ब्लास्ट हुए। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर सुरक्षाबलों को भेज दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भेजा गया है।

इन धमाकों की जिम्मेदारी अभी तक किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा बताया जा रहा है कि ISIL से जुड़े कई हथियारबंद लोग अस्पताल में घुस गए, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों से उनकी भिड़ंत हुई।कुछ दिनों पहले ही अफगानिस्तान के कुंदुज में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका हुआ था। इसमें 100 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए थे। यह धमाका हजारा शिया मस्जिद को निशाना बनाकर किया गया। कुंदुज में संस्कृति और सूचना के निदेशक मतिउल्लाह रोहानी ने बताया कि यह आत्मघाती हमला था। अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार बनने के बाद यह देश में सबसे बड़ा हमला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *