कोविड के कारण बंद सांसदों का एमपीलैड फंड फिर से शुरू होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बैठक के बाद इसकी जानकारी दी। ठाकुर ने बताया कि बैठक में सांसदों से जुड़ा एक अहम फैसला किया गया।

एमपीलैड स्कीम 2020-21 के पैसों का इस्तेमाल कोविड से लड़ने के लिए किया गया था। अब एमपीलैड स्कीम फिर से शुरू हो जाएगी। फिर से सांसदों को विकास कार्यों के लिए पैसे मिलने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए उन्हें 2-2 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। अगले साल से 5-5 करोड़ दिए जाएंगे।केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारतीय इतिहास और संस्कृति में जनजातियों के विशेष स्थान और योगदान को सम्मानित करने व पीढ़ियों को इस सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव के संरक्षण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का निर्णय ​लिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित करने को मंजूरी दी।

केंद्रीय कैबिनेट ने जूट पैकेजिंग मैटेरियल अधिनियम, 1987 के तहत जूट वर्ष 2021-22 के लिए जूट पैकेजिंग सामग्रियों के लिए आरक्षण मानकों को अनुमति दी है। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने बताया कि यह अनुमति मिलने के बाद 100% अनाज और 20% चीनी की पैकिंग जूट के थैलों में ही की जाएगी। इससे जूट मिलों में काम करने वाले 3.7 लाख श्रमिकों को राहत मिलेगी।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय कपास आयोग को 17,408 करोड़ रुपए के मूल्य समर्थन को मंजूरी दी।

2025 तक 25% एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य
2025 तक 25% एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य रखा गया है। एथेनॉल उत्पादन की क्षमता को 1500 करोड़ लीटर करने के लिए प्रोजेक्ट दिए जा चुके हैं। इससे लगभग 41 हजार करोड़ रुपए का निवेश आएगा। E20 फ्यूल के लिए BIS मानक तय कर लिए गए हैं।

एथेनॉल की कीमत बढ़ाई
मंत्रिमंडल ने चीनी सीजन वर्ष 2020-21 के लिए विभिन्न गन्ना आधारित कच्चे माल से प्राप्त उच्च एथेनॉल मूल्य को मंजूरी दी। इसके तहत सी भारी शीरा से एथेनॉल की कीमत प्रति लीटर ₹45.69 से बढ़कर ₹46.66 हुई। वहीं बी भारी शीरा से एथेनॉल की कीमत प्रति लीटर ₹57.61 से बढ़कर ₹59.08 हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *