परिवार के जरिए सियासत में सोनू सूद:बहन मालविका मोगा से लड़ेंगी चुनाव, पार्टी पर जल्द फैसला

बॉलीवुड स्टार सोनू सूद परिवार के जरिए राजनीतिक पारी शुरू करेंगे। उनकी बहन मालविका सूद चुनाव में उतरेंगी। वह मोगा विधानसभा सीट से अगले साल हो रहा पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। रविवार को सोनू सूद ने मोगा में कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि अभी पार्टी तय नहीं है लेकिन जल्द ही इस पर भी फैसला हो जाएगा।

अपने राजनीति में आने के बारे में उन्होंने कहा कि बहन का चुनाव लड़ना पहला कदम है। इसके बाद आगे बढ़ते जाएंगे। सूद ने इस दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वो जल्द अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल से भी मिलेंगे।सोनू सूद ने कहा कि बहन मालविका ने बहुत काम किए हैं। वह पंजाब चुनाव में आएंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह पंजाब की सेवाएं करेंगी। उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं है कि कौन सी पार्टी से लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी से ज्यादा सोच जरूरी है। मालविका लोगों के दिए ओहदे पर खरी उतरेंगी। उन्होंने कहा कि समय आने पर वह पार्टी के नाम के बारे में भी बता देंगे।

सोनू सूद के पहले आम आदमी पार्टी (AAP) में जाने की अटकलें थीं, लेकिन दो दिन पहले अचानक चंडीगढ़ में उन्होंने CM चरणजीत चन्नी से गुप्त मुलाकात करके सबको चौंका दिया। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी कोई फैसला नहीं लिया है। हालांकि उन्होंने अपने लिए सियासत का रास्ता खुला होने की बात कह दी।सोनू सूद भले ही सियासत में आने को लेकर कुछ न कहें, लेकिन उनकी बहन मालविका सूद सच्चर मोगा में खूब सक्रिय हैं। चर्चा है कि वह पंजाब विधानसभा का अगला चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों की मानें तो वह आप से लड़ेंगी या कांग्रेस से, इसको लेकर सोनू भी दोनों पार्टियों की सियासी नब्ज टटोल रहे हैं।सोनू सूद उस वक्त सियासी चर्चा में आए, जब उन्होंने एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि नेता मेनिफेस्टो के साथ एग्रीमेंट भी करें। अगर वे वादे पूरे नहीं कर पाते तो अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। मेरी कोशिश रहेगी कि अच्छे लोग राजनीति में आएं। इसी वजह से पंजाब में उनके सियासी भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।आम आदमी पार्टी को पंजाब में मजबूत CM चेहरे की तलाश है। चर्चा थी कि सोनू सूद कहीं वह चेहरा न हों। सूद को दिल्ली सरकार ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। आप नेता अरविंद केजरीवाल से लेकर मनीष सिसोदिया भी उनकी खूब तारीफ करते हैं। इस बारे में पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में फैसला नहीं लिया है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *