उपराष्ट्रपति से मिला कोरोना संक्रमित:मंगोलियाई डेलिगेशन में शामिल संक्रमित 3 दिन पहले वेंकैया नायडू से मिला

मंगोलिया से बोध गया आए 23 सदस्यों के शिष्टमंडल में से एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसकी RT-PCR रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही दिल्ली से लेकर गया तक हड़कंप मच गया। मंगोलिया के संसद के अध्यक्ष गोम्बोजव झंडनशतर के नेतृत्व में आया यह शिष्टमंडल बुधवार को उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू से भी मिला था।

गया के DM अभिषेक सिंह ने बताया कि पॉजिटिव सदस्य को मगध मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। डॉक्टरों का कहना है, ‘सैंपल को जांच के लिए बाहर भी भेजा जाएगा, ताकि ओमिक्रॉन को लेकर पुख्ता जानकारी मिल सके। फिलहाल मरीज को 10 दिन के लिए क्वारैंटाइन किया गया है।’मंगोलिया की संसद के अध्यक्ष के साथ 23 डेलिगेट्स का यह दल 2 दिसंबर को गया पहुंचा था। सभी लोग दिल्ली से होते हुए गया आए थे। दिल्ली में भी उनका स्वागत किया गया था। गया एयरपोर्ट पर इनकी एंटीजन और RT-PCR जांच की गई थी, लेकिन इन्हें क्वॉरैंटाइन नहीं किया गया था, जबकि भारत सरकार का साफ आदेश है कि हर विदेशी को देश आने पर क्वारैंटाइन किया जाएगा।

विदेशी मेहमानों ने बोध गया के डुंगेश्वरी पर्वत पर भगवान बुद्ध की तपोस्थली के दर्शन भी किए थे। इसके बाद महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन और नमन भी किया था। इनकी मेहमान नवाजी के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम भी साथ-साथ चल रही थी।

बिहार में कोरोना से मौतों का आंकड़ा शुक्रवार को एक दिन में 2,424 बढ़ गया है। 2 दिसंबर तक राज्य में कोरोना से हुई कुल मौतों की संख्या 9,664 थीं, जो 3 दिसंबर को 12,089 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले डेढ़ साल के अंदर कोरोना से मौतों के जो भी आवेदन आए थे, उसकी जांच कर आंकड़े अपडेट किए गए हैं।

इससे पहले 9 जून को सरकार की ओर से मौतों के आंकड़ों में संशोधन किया गया था, तब 3,951 एक्स्ट्रा मौतें जोड़ी गई थीं। इसके बाद सरकार ने 7 जून से पहले हुई मौतों की समीक्षा के लिए राज्यस्तरीय कमेटी बनाई थी, वेरिफिकेशन के बाद मौतों का आंकड़ा दोबारा संशोधित किया गया है और एक बार में 2,424 मौतें जोड़ी हैं। सबसे अधिक 445 एक्स्ट्रा मौतें पटना में हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *