प्रशांत किशोर ने बताया भाजपा को हराने का फॉर्मूला, कहा- विपक्ष का मतलब कांग्रेस नहीं

कांग्रेस लीडरशिप पर तीखे कमेंट करने वाले प्रशांत किशोर के पास 2024 में भाजपा को हराने का फॉर्मूला है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की रिकवरी के लिए कुछ जरूरी बदलाव भी बताए हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि पूरे विपक्ष का मतलब कांग्रेस नहीं है, इसमें दूसरी पार्टियां भी हैं। ऐसे में सभी को मिलकर तय करना चाहिए कि लीडर कौन होना चाहिए। प्रशांत किशोर ने ये बातें इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहीं।प्रशांत किशोर ने कहा कि मौजूदा भाजपा के खिलाफ केवल बहुत सारी पार्टियों का एकसाथ आ जाना ही काफी नहीं है। असम में महागठबंधन बना और उसे हार मिली। 2017 में उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा और अन्य पार्टियां साथ आईं, लेकिन हार गईं। अतीत को देखना होगा और उससे सीखना होगा। यह वह फॉर्मूला नहीं है, जिससे भाजपा हार जाएगी। इसके लिए सबको एक करने वाला चेहरा चाहिए, एक विचार होना चाहिए, इसके बाद नंबर आता है आंकड़ों का और फिर मशीनरी का।

उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी भाजपा को अकेले चैलेंज नहीं कर सकती है, जब तक वह उस जगह को नहीं हासिल कर लेती है, जो आज कांग्रेस की है। अगर आपके पास सही मुद्दे हैं और उनके इर्द-गिर्द आप विचार और नजरिया खड़ा कर सकते हैं तो लीडरशिप करनेवाला वो चेहरा भी नजर आ जाएगा। 2 साल का वक्त कम नहीं होता है। 7 से 10 साल की योजना आपके पास होनी चाहिए। साथ रहना होगा, लड़ना होगा और उन चार चीजों (चेहरा, विचार, आंकड़ा और मशीनरी) पर लगातार काम करना होगा।अपोजिशन को लेकर आज सारी बहस यही है कि क्या यह कांग्रेस के साथ प्रभावी है या इसके बिना। इस देश में प्रभावी विपक्ष के लिए कांग्रेस जरूरी है, लेकिन इस पार्टी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नहीं। मौजूदा कांग्रेस लीडरशिप के साथ कांग्रेस ने कुछ अच्छा नहीं किया है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि विपक्ष का नेता कौन हो, पर कांग्रेस पार्टी अकेले ही पूरा विपक्ष नहीं है। इसमें और भी बहुत सारी पार्टियां हैं। इन सबको मिलकर यह तय करना चाहिए कि विपक्ष की अगुआई कौन करे। यह नहीं होना चाहिए कि कोई कह दे कि कोई XYZ प्रेसिडेंट होगा और उसे वह जिम्मा सौंप दिया जाए।

एक पार्टी के तौर पर कांग्रेस का जो स्ट्रक्चर है, उसे बदलना चाहिए। जिस तरह से यह चलती है और जिस तरह से फैसले लिए जाते हैं। कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी 3 साल से अंतरिम अध्यक्ष के साथ चल रही है, क्या यह सही कदम है। इसके लिए आपको किसी प्रशांत किशोर या किसी और की सलाह की जरूरत नहीं है। आप जिसे भी चुनें वह फुलटाइम प्रेसिडेंट होना चाहिए। जब आप जीतते हैं तो इसका क्रेडिट लेते हैं, हार पर आपको किनारे हट जाना चाहिए और दूसरे को लीडरशिप करने देनी चाहिए।

मैं राहुल गांधी की बात नहीं कर रहा हूं। मैं उस लीडरशिप के बारे में बात कर रहा हूं जिसकी अगुआई में पिछले 10 साल से कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। इस दौरान 90% चुनाव पार्टी हारी है। 1984 के बाद एक भी चुनाव ये पार्टी अकेले नहीं जीत पाई है। लीडरशिप मसले के अलावा फैसले लेने में भी तेजी आनी चाहिए। फैसले लेने की सभी शक्तियां केवल दिल्ली में बैठे कुछ लोगों तक नहीं सीमित होनी चाहिए। यह पार्टी पहले बहुत मजबूत थी, क्योंकि इसके पास बहुत ताकतवर क्षेत्रीय नेता थे।

केवल ममता बनर्जी ही बता सकती हैं कि उन्होंने ऐसी बात क्यों कही। हां, मैं यह जरूर कहता हूं कि 2004 में जो UPA थी, वो आज नहीं है। 2004 में UPA सरकार चलाने के लिए बनी थी इसलिए नहीं कि सत्ता में न रहने पर भी साथ रहे। अगर यह दोनों स्थितियों के लिए था, तो आपको एक बार UPA की तरफ देखना चाहिए। जो लोग पहले UPA का हिस्सा थे, वे अब नहीं हैं। कई बाहर गए और कई साथ आए। स्थितियां बदल गई हैं।आप भाजपा को आप खत्म नहीं कर सकते। आपको यह जरूर देखना चाहिए कि आज वह यहां कैसे पहुंची। संगठन के तौर पर पीढ़ियों ने पिछले 50-60 साल तक काम किया। जनसंघ और उससे पहले भी यह शुरू हो गया था। अब 60-70 साल के बाद वे केंद्र में 30-35% वोटों के साथ सत्ता में आए हैं।मैं यह नहीं कहता कि वह 30-40 साल तक सत्ता में रहेगी। हां, वो अगले 30-40 साल तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहेगी, भले इलेक्शन जीते या हारे। ऐसा ही कांग्रेस के साथ हुआ है। 1967 के बाद वो कई चुनाव हारी, लेकिन पूरे देश में उसके पास 30-35% वोट थे तो राजनीति भी उसके इर्द-गिर्द घूमती रही। जहां तक बात नरेंद्र मोदी की है, तो वे लोगों की बात सुनते हैं और उनकी सबसे बड़ी ताकत यही है। मोदी यह भी जानते हैं कि लोगों की जरूरत क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *