केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नाम नोटिस जारी किया है जहां पिछले दो हफ्तों में कोरोना पॉजिटिविटी रेट ज्यादा रिपोर्ट किया गया है। इस नोटिस में लिखा है कि कोरोना के मामले में चिन्हित किए गए इलाकों में नाइट कर्फ्यू लगाया जाए। साथ ही ज्यादा लोगों के इकठ्ठा होने पर रोक लगे और शादी-अंतिम संस्कार जैसे समारोह में कम लोगों को आने की अनुमति दी जाए।महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी चिंचवाड़ में हाल ही में ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित हुए डेढ़ साल के बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शनिवार को बच्चे की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इस इलाके में सामने आए 4 नए मरीजों में 3 साल का बच्चा भी शामिल है। बाकी 3 संक्रमित वयस्क हैं। इनमें 2 पुरुष और 1 महिला है।
सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) के तहत आने वाली सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (SEC) ने कहा कि कोरोना के बूस्टर डोज को बिना क्लिनिकल ट्रायल के अप्रूव नहीं किया जा सकता है। SEC ने शुक्रवार को सीरम इंस्टीट्यूट की एप्लिकेशन का रिव्यू करते हुए यह बात कही।मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 15 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सबसे ज्यादा केस भोपाल में 7 आए हैं। इंदौर में 6 और रायसेन में 2 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में शुक्रवार को 13 मरीज ठीक भी हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 156 हो गई है। इससे पहले प्रदेश में 7 अगस्त को 156 एक्टिव मरीज थे। यानी 126 दिन बाद फिर एक्टिव मरीजों की संख्या 156 पहुंच गई है।
स्विट्जरलैंड की स्विस एजेंसी फॉर थैरेप्यूटिक प्रोडक्ट्स (स्विसमेडिक) ने शुक्रवार को वहां 5 से 11 साल के बच्चों के लिए फाइजर वैक्सीन के इस्तेमाल को अप्रूवल दिया है। स्विसमेडिक ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा कि हमने फाइजर-बायोएनटेक की एप्लीकेशन के साथ जमा कराए गए डेटा का बहुत ध्यान से अध्य्यन किया है।बयान के मुताबिक, यह अध्य्यन 1500 से ज्यादा बच्चों पर किया गया और इसमें सामने आया कि यह 5 से 11 साल के बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। एजेंसी ने यह भी बताया कि इंजेक्शन लगाने वाली जगह पर दर्द होने के साथ थकान, सिरदर्द, बुखार और हाथ और पैरों में दर्द जैसे साइड इफेक्ट देखे गए।
कनाडा की पब्लिक हेल्थ एजेंसी ने कहा है कि अगर ओमिक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ते हैं तो जनवरी से पहले कोरोना के रोजाना केस 10,000 तक जा सकते हैं। कनाडा में अब भी डेल्टा वैरिएंट ही सबसे ज्यादा प्रभावी स्ट्रेन है, लेकिन ओमिक्रॉन के मामलों में इजाफा हो रहा है।ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरों के बीच दिल्ली में ओमिक्रॉन का दूसरा मामला सामने आया है। दिल्ली सरकार ने जानकारी दी कि संक्रमित व्यक्ति वैक्सीन की दोनों डोज़ लगवा चुका था और वह जिम्बाब्वे से आ रहा था। उसने दक्षिण अफ्रीका की भी यात्रा की थी।इसके साथ ही देश में कोरोना के कुल 33 मामले हो गए हैं। शुक्रवार को देश में ओमिक्रॉन के 9 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 7 महाराष्ट्र के हैं, जबकि 2 गुजरात में मिले हैं। महाराष्ट्र में ही 3 साल का बच्चा भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिला है।
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए तमिलनाडु के मदुरई में सार्वजनिक स्थानों में एंट्री लेने के लिए वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अनिवार्य किया गया है। सार्वजनिक स्थानों में बाजार, स्कूल, थिएटर, प्लेग्राउंड, रेस्टोरेंट, होटल, लॉज, इंडस्ट्रीज, फैक्ट्री, दुकानें, मंदिर और कमर्शियल एस्टैबलिशमेंट शामिल हैं। मदुरई कलेक्टर डॉ एस अनीश शेखर ने शुक्रवार को दुकानदारों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि पब्लिक हेल्थ एक्ट, 1939 के तहत कोरोना को संक्रामक रोग घोषित किया गया है।