CG में अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट नहीं:विदेश से बिलासपुर आए दो लोग कोरोना संक्रमित मिले थे

छत्तीसगढ़ में विदेशों से आए लोगों में फिलहाल कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट की मौजूदगी नहीं मिली है। यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) और मालदीव से लौटे बिलासपुर के जो दो लोग कोरोना संक्रमित मिले थे उनकी जिनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट निगेटिव आई है। सप्ताह भर बाद यह रिपोर्ट आई है।

छत्तीसगढ़ में पैनडेमिक कंट्रोल के डायरेक्टर डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, 27 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक विदेश से 953 लोगों के छत्तीसगढ़ आने की सूचना मिली है। उनमें से अधिकतर की जांच की जा चुकी है। सभी को क्वारेंटीन किया गया है। बिलासपुर के दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उनके सैंपल को जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजे गए थे। जांच के बाद शनिवार को उसकी रिपोर्ट मिल गई। दोनों में कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट नहीं पाया गया है। डॉ. सुभाष मिश्रा ने कहा, अभी तक कोई खतरा नहीं दिख रहा है, लेकिन लोगों की आवाजाही को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत बढ़ गई है। उन्होंने कोरोना रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन करने, मास्क लगाने और भीड़भाड़ से बचने की बात कही है।पैनडेमिक कंट्रोल के डाइरेक्टर डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, बिलासपुर में विदेश से लौटे जो दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए उनके खिलाफ प्रशासन ने महामारी एक्ट के तहत FIR भी कराया है। दरअसल दोनों मरीज जांच के बाद क्वारेंटीन होने की जगह यात्रा पर चले गए। कोरोना की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने संपर्क किया तो पता चला कि वे मुंबई और दूसरी जगहों पर पहुंच गए हैं। लौटने को कहा गया तो वे आनाकानी करने लगे थे। FIR दर्ज होने के बाद लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *