जनरल रावत के घर पहुंचे सिंहदेव:सोहागपुर रियासत के दामाद थे CDS बिपिन रावत

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव शनिवार को दिल्ली स्थित चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ दिवंगत जनरल बिपिन रावत के घर पहुंचे। वहां उन्होंने जनरल रावत के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। यह परिवार के लिए भावुक क्षण था।

दिवंगत CDS जनरल बिपिन रावत की पत्नी मधुलिका रावत मध्य प्रदेश के सोहागपुर रियासत से थीं। सरगुजा राज परिवार के साथ उनके माता-पिता के पारिवारिक संबंध हैं। मुलाकात के दौरान परिजनों ने परिवार की पुरानी स्मृतियों की भी चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के असामयिक निधन को अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को शांति व परिवार को यह अतुलनीय क्षति सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का अंतिम संस्कार शुक्रवार को हो गया। उन्हें दिल्ली छावनी के बरार स्क्वायर में पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित सैन्य और नागरिक सेवाओं के अधिकारी और हजारों लोग मौजूद रहे।

आठ दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटना में बिपिन रावत उनकी पत्नी मधुलिका समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। ये सभी लोग डिफेंस स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन जा रहे थे। इस हादसे में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बच गए थे। जिनका इलाज बेंगलुरु कमान हॉस्पिटल में चल रहा है। अभी उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *