छत्तीसगढ़ में चढ़ा मौसम का पारा:2 से 3 डिग्री बढ़ा तापमान; उत्तरी हवाओं का आना बंद

छत्तीसगढ़ में शीतलहर के लिए जिम्मेदार उत्तरी हवाओं का आना बंद हो गया है। अब दक्षिण से नमी वाली हवा आ रही है। यह हवा उत्तरी हवाओं की तुलना में गर्म होती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ का मौसम 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गर्म हुआ है। यह वृद्धि दिन और रात दोनों के तापमान में दर्ज की गई है। कई केंद्रों पर तापमान सामान्य से अधिक है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह बलरामपुर में लगे स्वचालित वर्षामापी में दर्ज हुआ है। एक दिन पहले इसी केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। 22 दिसम्बर को यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जशपुर और दुर्ग में शुक्रवार-शनिवार का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अम्बिकापुर में यह 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रायपुर के माना और लाभांडी केंद्रों पर भी बढ़ा तापमान दर्ज हुआ है। मौसम विज्ञानियों का कहना है, ‘प्रदेश में कल उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन बंद हो गया है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिण से नमी युक्त अपेक्षाकृत गर्म हवा आने लगी है। इसकी वजह से ही प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड दिख रहा है।’

छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग अब भी सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह एक दिन पहले के मुकाबले मामूली रूप से बढ़ा हुआ है, लेकिन यह तापमान भी दुर्ग के सामान्य न्यूनतम तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है। दुर्ग का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पड़ोसी राजनांदगांव और रायपुर से कम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *