ब्राजील के राष्ट्रपति राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो अपनी 11 साल की बेटी को कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। उन्होंने यह बयान ब्राजील के सांता कैटरीना राज्य में मीडिया से बात करते हुए दिया। इसके साथ ही उन्होंने पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट्स की भी आलोचना की। दुनिया भर में ओमिक्रॉन की वजह से संक्रमितों का आंकड़ा बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बोल्सोनारो के इस बयान पर एक्सपर्ट्स ने हैरानी जताई है।ब्राजील के राष्ट्रपति ने कहा- स्वास्थ्य मंत्री मार्सेलो क्विरोगा 5 जनवरी को 5 से 11 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन प्रोग्राम के बारे में जानकारी देंगे। ब्राजील ने इस महीने की शुरुआत में चाइल्ड वैक्सीनेशन प्रोगाम को इजाजत दी है। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा- ‘वायरस से इतने ज्यादा बच्चों की भी मौत नहीं हो रही है, जो उनके लिए वैक्सीन की जरूरत को सही ठहराया जाए।’
राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने कहा कि उन्होंने क्विरोगा से बात की है। 5 तारीख को उन्हें एक नोट जारी करना चाहिए, जिससे साफ पता चले सके कि बच्चों का वैक्सीन प्रोग्राम किस तरह चलाया जाएगा। 23 दिसंबर को बच्चों की वैक्सीन पर स्वास्थ्य मंत्री क्विरोगा के बयान से विवाद खड़ा हो गया था। तब क्विरोगा ने कहा था कि कोरोना से मरने वाले बच्चों के संख्या इतनी ज्यादा नहीं है कि वैक्सीन के इमरजेंसी यूज की जरूरत पड़े। बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए डॉक्टर का पर्चे जरूरी रहेगा। बाद में हेल्थ अफसरों ने उनके इस बयान का खंडन किया था।
ब्राजील में बच्चों के वैक्सीन प्रोग्राम को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। सरकार के समर्थक इस प्रोग्राम के खिलाफ हैं, जबकि ज्यादातर आबादी इनका समर्थन कर रही है। इसी साल अक्टूबर में, ब्राजील की नेशनल हेल्थ रेगुलेटर अन्विसा ने बताया था कि जब उन्होंने 5 से 11 साल के बच्चों के लिए वैक्सीन को मंजूरी थी, तो उसके कई कर्मचारियों को जान से मारने धमकी मिली थी।
जायर बोल्सोनारो शुरुआत से ही वैक्सीन के खिलाफ रहे हैं। कुछ महीने पहले अमेरिका के एक रेस्टोरेंट ने उन्हें सिर्फ इसलिए एंट्री नहीं दी थी, क्योंकि उनके पास वैक्सीन सर्टिफिकेट नहीं था। इस पर उनका कहना था कि उन्हें वैक्सीन की जरूरत नहीं है, उनकी इम्युनिटी कोरोना से लड़ने के लिए मजबूत है।