ओमिक्रॉन का कहर:फ्रांस में सिनेमा हॉल, पब्लिक-ट्रांसपोर्ट में खाने-पीने पर रोक

दुनियाभर में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन कहर मचा रहा है। फ्रांस में शनिवार को 1 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए जाने के बाद सरकार हरकत में आई है। वायरस का संक्रमण रोकने के लिए यहां कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं, जो कम से कम तीन हफ्तों तक लागू रहेंगे।

वहीं, ज्यादातर देशों में लॉकडाउन के चलते फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। शुक्रवार से अब तक करीब 11,500 फ्लाइट्स रद्द की गई है, जिनमें से 3000 फ्लाइट्स सिर्फ सोमवार को ही रद्द की गईं। मंगलवार को भी 1100 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं।

फ्रांसीसी प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स ने कहा कि अगले हफ्ते से फ्रांस में इनडोर होने वाले बड़े ईवेंट में 2000 और आउटडोर होने वाले बड़े ईवेंट्स में 5000 लोग ही शामिल हो पाएंगे। कॉन्सर्ट्स में लोगों से बैठने की अपील की जाएगी और बार में कस्टमर्स खड़े नहीं रह सकेंगे।

सिनेमा, थिएटर, स्पोर्ट्स फैसिलिटी और पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन में खाना-पीना प्रतिबंधित रहेगा। लंबी दूरी की यात्रा में भी इसकी अनुमति नहीं मिलेगी। जो कर्मचारी घर से काम कर सकते हैं, उनके लिए हफ्ते में तीन दिन वर्क फ्रॉम होम करना अनिवार्य रहेगा।

ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर न्यू साउथ वेल्स में सोमवार को ओमिक्रॉन से पहली मौत दर्ज की गई। मरने वाला शख्स 80 साल का था। वह सिडनी में एक केयर होम में संक्रमित हुआ था। वह पूरी तरह वैक्सीनेटिड था, लेकिन उसे कुछ अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी थीं।

इसके बाद न्यू साउथ वेल्स में नए प्रतिबंध लागू किए गए। यहां बार और रेस्टोरेंट में 2 स्क्वेयर मीटर में एक ही व्यक्ति मौजूद रह सकेगा। इसके साथ ही सभी होटलों, बार, रेस्टोरेंट में QR कोड से चेक-इन करना अनिवार्य होगा।

ओमिक्रॉन से सबसे ज्यादा यूरोप प्रभावित है। पिछले सात दिनों में यहां कोरोना के सबसे ज्यादा केस और इसके चलते सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। जिन पांच देशों में सबसे ज्यादा केस दर्ज किए जा रहे हैं, सभी यूरोपीय हैं।

डेनमार्क में पहली बार रोजाना इंफेक्शन के मामले 15 हजार से ज्यादा दर्ज हो रहे हैं। यहां इंफेक्शन रेट सबसे ज्यादा है। करीब 60 लाख आबादी वाले इस देश में प्रति लाख लोगों में से 1,612 लोग संक्रमित हो रहे हैं।

ओमिक्रॉन के चलते पहली मौत दर्ज होने के बाद जर्मनी में सरकार ने कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इस प्रतिबंधों के विरोध में बवेरिया में रविवार को बड़ी संख्या में जर्मन लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हुए।

यहां सोमवार से घूमने-फिरने की जगहों और जिम, स्विमंग पूल, सिनेमा, नाइटक्लब, रेस्टोरेंट, होटल और म्यूजियम जैसी जगहों पर भी सीमित संख्या में ही लोगों को एंट्री मिलेगी। वैक्सीन न लगवाने वाले लोगों को तो प्रतिबंधों का सामना करना ही पड़ेगा, लेकिन वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को भी नए तरीके के प्रतिबंधों का पालन करना पड़ेगा।फ्रांस में शनिवार को कोरोना के रिकॉर्ड 104,611 नए मामले दर्ज किए गए थे। शुक्रवार को 94,124 नए मामले सामने आए थे। शनिवार को इस वायरस की वजह से 84 लोगों की मौत हो गई। यूरोप में ब्रिटेन के बाद फ्रांस में ओमिक्रॉन के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से फिलहाल 16 हजार लोग हॉस्पिटल में एडमिट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *