झारखंड में 25 रुपए सस्ता मिलेगा पेट्रोल:

झारखंड में अपने दो साल पूरे होने पर सोरेन सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग को सस्ते पेट्रोल का तोहफा दिया है। राज्य के राशन कार्डधारियों को 26 जनवरी से मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने 25 रुपए की छूट दी जाएगी। यह राशि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके खाते में भेजी जाएगी। एक कार्डधारी को हर महीने 10 लीटर पेट्रोल की खरीदारी पर यह छूट दी जाएगी।

CM सोरेन ने यह जरूर बताया कि सरकार को इस योजना के लिए अलग से किसी प्रकार का कोई कर्ज नहीं लेना होगा। अपने नए संसाधन से सरकार राजस्व बढ़ाने में जुटी हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संसाधन जैसे-जैसे बढ़ेंगे, राज्य के अन्य लोगों को भी पेट्रोल के दाम में राहत दी जाएगी।

झारखंड में गठबंधन सरकार के दो साल पूरा होने पर मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सोरेन ने स्टूडेंट्स को भी लुभाने वाली घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत जल्द स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (SCC) भी लाने जा रही है। इसके माध्यम से मेधावी छात्रों को मदद की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य के SC-ST बच्चों समेत अन्य बच्चों को लोन लेने में परेशानी होती है। इस क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उस समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अगर कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ी तो सरकार लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने के मुद्दे पर भी सरकार गंभीर है। सरकार जल्द इस संबंध में भी निर्णय लेगी।

अभी झारखंड में पेट्रोल 98.52 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, लेकिन CM हेमंत सोरेन की घोषणा के बाद यदि इसमें 25 रुपए कम किए जाएं तो पेट्रोल के दाम 75.52 रुपए प्रति लीटर रह जाते हैं।

हालांकि वैट और अन्य टैक्स में छूट के आधार पर सही मायने में तय होगा कि यह छूट 25 रुपए ही होगी या इससे ज्यादा की रहेगी। एक्सपर्टस का कहना है कि सही कीमत की जानकारी सरकार की तरफ से इस योजना को लागू करने की कार्यप्रणाली घोषित करने के बाद ही मिल पाएगी।कार्यक्रम के दौरान CM ने 2 हजार 965 करोड़ 22 लाख रुपए की 20 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसमें रांची के कांटाटोली फ्लाइओवर, ट्रांसपोर्ट नगर के शिलान्यास के अलावा पेयजल व स्वच्छता विभाग समेत अन्य विभागों की कई जरूरी योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम में CM हेमंत सोरेन ने कहा कि अनुबंधकर्मियों की समस्या का संज्ञान सरकार को है। उनकी समस्याओं का समाधान सड़कों पर उतरने से नहीं, वार्ता करने से होगा। आप आइए सरकार आपके साथ बात करने के लिए तैयार है। धरना-प्रदर्शन में समय बर्बाद करने से राज्य का विकास नहीं होगा। काम करने से राज्य का विकास होगा। आप विश्वास रखिए ये सरकार हर समस्या का समाधान करना चाहती है। समाधान न्यायसंगत और राज्य हित में हो। समाधान राज्य को आगे बढ़ाने वाला हो।CM ने कहा कि हमने महिलाओं के नाम 1 रुपए में 50 लाख रुपए के रजिस्ट्रीकरण को बंद कर गरीब और वृद्ध महिलाओं को पेंशन देना शुरू किया है। हड़िया बेचने वाली महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ा। विधवा महिलाओं को मदद किया। हमारे लिए ये महिला सशक्तिकरण है।सरप्लस बजट वाला झारखंड आज कर्जों में दबा हुआ है। पूर्व की सरकार के लिए कर्ज को चुकाने में ही हमारी हालत खराब है। सरकार भी आपको सहयोग करेगी, हम भी आपका सहयोग करेंगे। आंतरिक क्षमता के साथ हम देश को अग्रणी श्रेणी में पहुंचा सकते हैं। दूरगामी सोच के साथ चलें तो इस राज्य को भीख मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *