चीन के लिए नया खतरा:शियान शहर में अब तक 980 पॉजिटिव केस

2019 के आखिर में चीन के वुहान शहर से कोरोना वायरस ‌फैला और अब तक दुनिया को इससे छुटकारा नहीं मिल सका है। अब चीन का ही शियान शहर महामारी की चपेट में आ गया है। यहां अब तक 980 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। शियान शहर चीन के शांक्सी प्रांत में है।

फिक्र की बात यह है कि ये सभी मामले लोकली ट्रांसमिटेड हैं। यानी संक्रमण स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति से दूसरे तक पहुंचा। यहां बेहद सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। ऐसे लोग जो इसका पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें सीधे गिरफ्तार किया जा रहा है।

चीन के अफसरों ने कहा है कि 4 दिसंबर को पाकिस्तान से शियान पहुंची फ्लाइट में 6 लोगों को पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद शहर में संक्रमण बढ़ा। worldometers.info के मुताबिक, चीन में मंगलवार को कुल 209 केस सामने आए। यह लिस्ट में 114वें पायदान पर है।

CNN के मुताबिक, शियान में पहला केस 9 दिसंबर को मिला था। 29 दिसंबर की दोपहर तक कुल 980 मामले सामने आ चुके हैं। शियान की आबादी एक करोड़ 30 लाख के करीब है। हालात इतनी तेजी से बिगड़े कि 23 दिसंबर से यहां सख्त लॉकडाउन कर दिया गया। यह अब तक जारी है।

सभी तरह की पब्लिग गैदरिंग, दुकानें और लोकल ट्रांसपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। सिर्फ जरूरी सेवाएं और हॉस्पिटल्स खुले हैं। सख्ती इस कदर है कि अगर किसी को कोरोना टेस्ट के लिए भी जाना है तो उसे पहले लोकल अथॉरिटी से परमिट लेना होगा। जरूरी सेवाओं में लगे लोगों को भी अलग से पास दिए जा रहे हैं।

सरकारी अखबार ‘पीपुल्स डेली’ के मुताबिक, शियान में खराब हालात को देखते हुए चीन की सेना को भी लगाया गया है। इसके डॉक्टर्स अलग-अलग क्लीनिक्स में तैनात हैं। एयरफोर्स से कहा गया है कि वो इमरजेंसी के लिए अलर्ट रहे।

मंगलवार को जारी एक बयान में लोकल अथॉरिटीज ने कहा- आने वाले दिनों में केसेज बढ़ सकते हैं। इसलिए तमाम तरह के सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल, हम कह सकते हैं कि हालात काबू में हैं।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में फरवरी में विंटर ओलिंपिक्स होने हैं। सरकार परेशान है कि अगर महामारी बढ़ी तो इससे आयोजन पर संकट आ जाएगा। यही वजह है कि शहर के सभी एक करोड़ 30 लाख लोगों को लॉकडाउन में रखा गया है।

चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शियान के लोग शिकायत कर रहे हैं कि उनके पास घर का जरूरी सामान भी खत्म हो रहा है। शियान इंटरनेशनल टूरिस्ट स्पॉट भी है।

चीनी अफसरों का कहना है कि शियान में संक्रमण 4 दिसंबर को पाकिस्तान से आई एक फ्लाइट के बाद फैला। इस फ्लाइट के 6 पैसेंजर डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित पाए गए थे। यहां से करीब एक हजार फ्लाइट्स रोज ऑपरेट होती हैं। फिलहाल ये सभी बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *