अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। बारिश से बाधित मुकाबले में भारत के सामने 38 ओवर में 102 रनों का टारेगट था, जिसे टीम ने 21.3 ओवर के खेल में बहुत ही आसानी के साथ 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।भारतीय टीम ने लगातार तीसरी और ओवरऑल 8वीं बार अंडर-19 एशिया कप पर कब्जा जमाया। खास बात ये हैं कि भारत ने आज तक जब भी इस टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल मैच खेला है, तब-तब खिताबी जीत हासिल की है। हालांकि 2012 में मैच टाइ होने के चलते भारत और पाकिस्तान को जॉइंट विनर घोषित किया गया था।
टारगेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और ओपनर हरनूर सिंह 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अंगक्रिश रघुवंशी और शेख रशीद ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को दूसरा मौका नहीं दिया। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 113 गेंदों पर 96 रन जोड़े और टीम को चैंपियन बनाकर ही मैदान से लौटे। रघुवंशी 56 और रशीद 31 रनों के स्कोर पर नाबाद रहे।
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 38 ओवर के खेल में 9 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए थे। टीम का एक भी बल्लेबाज फाइनल जैसे मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सका और छह खिलाड़ी सिंगल डिजिट के स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौटे।
18 वर्षीय हरनूर सिंह ने इस टूर्नामेंट में अपनी बैटिंग से सभी को खासा प्रभावित किया है। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में उन्होंने UAE के खिलाफ 130 गेंदों पर 120 रन की पारी खेली। इस पारी में 11 चौके भी शामिल थे। दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भी हरनूर ने मुश्किल परिस्थितियों में 59 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली।
AFG के खिलाफ भी उनका बल्ला खूब बोला और उन्होंने 74 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से शानदार 65 रन बनाए। हालांकि सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ (15 रन) और फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ (5 रन) ही बना सके। हरनूर इस टूर्नामेंट में 250+ रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी है।टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला श्रीलंका के लिए सही नहीं रहा। चौथे ओवर में रवि कुमार ने चामिंडु विक्रमसिंघे को आउट कर टीम को पहला झटका पहुंचाया। विक्रमसिंघे 2 रन बनाकर आउट हुए। राज बावा के खाते में SL का दूसरा विकेट आया, उन्होंने शेवोन डेनियल 6 रन को आउट किया। अंजला बंडारा 9 रन बनाकर कौशल तांबे की गेंद पर LBW आउट हुए। कौशल ने इसके बाद पवन पथिराजा (4 रन) को बोल्ड किया।
SL का 5वां विकेट सदिशा राजपक्षे (14 रन) के रूप में गिरा। उनका विकेट विकी ओस्तवाल के खाते में आया। विकी यहीं नहीं रुके और इसके बाद अपने एक ही ओवर में विपक्षी टीम को 2 झटके पहुंचाए। 27वें ओवर में लेग स्पिनर विकी ने पहली गेंद पर कप्तान दुनिथ वेलालेज (9 रन) और तीसरी गेंद पर रानुदा सोमराथने (7 रन) को LBW आउट किया।
दोनों टीमें-
IND– हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, शेख रशीद, यश धुल (कप्तान), निशांत सिंधु, राज बावा, आराध्या यादव (विकेटकीपर), कौशल तांबे, राजवर्धन हैंगरगेकर, विकी ओस्तवाल, रवि कुमार।
SL– चामिंडु विक्रमसिंघे, शेवोन डेनियल, दुनिथ वेलालेज (कप्तान), रानुदा सोमराथने, रवीन डी सिल्वा, ट्रेवीन मैथ्यू, अंजला बंडारा (विकेटकीपर), यासिरू रोड्रिगो, पवन पथिराजा, सदिशा राजपक्षे, मथीशा पथिराना।