कश्मीर में 3 और आतंकियों का सफाया:48 घंटे में जैश-ए-मोहम्मद के 9 आतंकी ढेर

श्रीनगर के पंथा चौक में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गुरुवार आधी रात को हुए मुठभेड़ में 3 आतंकी मारे गए हैं। ये सभी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। मुठभेड़ में सुरक्षाबल के 4 जवान घायल हुए हैं। इनमें 3 पुलिसकर्मी और एक CRPF का जवान शामिल हैं। कश्मीर घाटी में पिछले 48 घंटे के भीतर सुरक्षा बलों ने जैश के 9 आतंकियों का सफाया किया है।

IGP कश्मीर विजय कुमार के मुताबिक, पंथा चौक इलाके मारे गए एक आतंकी की पहचान जैश-ए-मोहम्मद के सुहैल अहमद के तौर पर हुई है। 13 दिसंबर को जेवान इलाके में एक पुलिस बस पर हमला हुआ था। यह आतंकी भी उस हमले में शामिल था। बस हमले में शामिल सभी आतंकियों को मारा जा चुका है।

IGP कुमार ने बताया कि साल 2021 में 171 आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें 19 पाकिस्तानी आतंकवादी और 152 स्थानीय आतंकवादी शामिल हैं। पिछले साल 37 स्थानीय लोगों की जान गई थी, जबकि इस साल 34 स्थानीय लोगों की जान गई है।

बुधवार को कुलगाम और अनंतनाग जिलों में अलग-अलग एनकाउंटर में 6 आतंकवादी मारे गए थे। ये सभी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। अभी तक 4 आतंकियों की पहचान हुई है, जिनमें 2 पाकिस्तानी और 2 स्थानीय हैं।

IGP कुमार ने गुरुवार को बताया कि दिसंबर में 24 आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें 5 पाकिस्तानी हैं। आतंकियों के पास से US में बने दो M4 कार्बाइन राइफल, 15 AK47, 24 से अधिक पिस्तौल, ग्रेनेड और IED बरामद किए गए हैं। यह बरामदगी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद की आतंकी संलिप्तता को साबित करती है।

सुरक्षा बल और खुफिया तंत्र अलर्ट पर हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब पूरे कश्मीर में आतंकियों की संख्या 200 से कम रह गई है।सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने शुक्रवार को बताया कि सीमा के दूसरी ओर से जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ के प्रयास इस साल कम हुए हैं। हालांकि, आतंकी संगठन 15 से 16 साल की उम्र के बच्चों को भर्ती करने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *