केजरीवाल को कोरोना, पंजाब में हड़कंप:बिना मास्क के चंडीगढ़-पटियाला में की थी रैली

केजरीवाल को कोरोना, पंजाब में हड़कंप:बिना मास्क के चंडीगढ़-पटियाला में की थी रैली

दिल्ली के CM और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव आने से पंजाब-चंडीगढ़ में भी हड़कंप मच गया है। केजरीवाल ने सोमवार को देहरादून में सभा की थी, तो वहीं कुछ दिन पहले चंडीगढ़ और पटियाला में भी रैली की थी। इसके अगले दिन नए साल पर वे अमृतसर में धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने गए थे। इनमें से किसी जगह केजरीवाल मास्क लगाए नहीं दिखे थे।अरविंद केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अपने पंजाब दौरे पर उन्होंने कई नेताओं से मुलाकात की थी। उनके पॉजिटिव आने के बाद पंजाब में चुनावी रैलियों को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में 30 दिसंबर को विजय रैली की थी। यह विजय रैली चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को 35 में से 14 सीटें जीतने पर की गई थी। सेक्टर 22 की अरोमा लाइट्स से सेक्टर 23 की लाइट्स तक रैली निकाली गई थी। इसमें भारी भीड़ उमड़ी थी। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के बावजूद केजरीवाल और दूसरे आप नेताओं ने मास्क नहीं पहने थे। इसके बाद केजरीवाल ट्रक यूनियन के धरने में भी गए थे।

पटियाला में 31 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल ने शांति मार्च निकाला था। यह शांति मार्च पंजाब के स्वर्ण मंदिर में हुई बेअदबी और लुधियाना में हुए बम धमाके को लेकर था। इस मार्च में भी सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी थी, जिसमें न किसी ने मास्क पहना और न ही किसी के बीच कोई सोशल डिस्टेंस रहा। यहां तक कि केजरीवाल खुद भी बिना मास्क के लोगों की भीड़ के बीच में घूमते रहे थे।

वहां संगरूर से सांसद भगवंत मान केजरीवाल के साथ-साथ रहे। जिस दिन 31 दिसंबर को केजरीवाल का मार्च हुआ, पटियाला में 71 लोग पॉजिटिव आए और एक की मौत हुई थी। इसके बाद पटियाला में कोरोना की रफ्तार काफी तेज हो चुकी है। 1 जनवरी को पटियाला में 98 केस, 2 जनवरी को 133 केस और 3 जनवरी को 143 केस सामने आए हैं।पटियाला में रैली के बाद केजरीवाल अगले दिन अमृतसर से होते हुए दिल्ली चले गए, लेकिन उनके साथ बिना मास्क के भगवंत मान ने कई जिलों में रैलियां कीं। पटियाला के अलावा मोगा समेत कई इलाकों में भगवंत मान ने रैली की थी। इनमें कहीं भी भगवंत मान ने मास्क नहीं पहना हुआ था।पंजाब दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पटियाला में काली माता मंदिर और गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में भी माथा टेका था। इसके बाद वे नए साल के पहले दिन अमृतसर गए थे, जहां उन्होंने श्रीराम तीर्थ स्थान में माथा टेका। फिर जालंधर जाकर डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका था। इस दौरान वे कहीं भी मास्क पहने नजर नहीं आए।

आम आदमी पार्टी के पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल चीमा ने कहा कि सभी लोगों को एहतियात बरतनी चाहिए। सभी को अपना टेस्ट करवाना चाहिए। उन्होंने पंजाब में हो रही चुनावी रैलियों को लेकर कहा कि आयोग को सभी पार्टियों से मीटिंग कर इसके बारे में फैसला लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *