दिल्ली में मंगलवार को 5481 नए कोरोना केस सामने आए हैं। तीन लोगों की मौत हो गई है। राजधानी में एक्टिव केस की संख्या 14889 पहुंच गई है। इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 8.7% हो गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया- ओमिक्रॉन की वजह से दिल्ली में कोविड के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
दिल्ली में ऑक्सीजन सप्लाई को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए सरकार रियल टाइम मॉनिटरिंग के प्लान पर काम कर रही है। इसके लिए 53 सरकारी और निजी हॉस्पिटल्स के ऑक्सीजन टैंकों पर टेलीमेट्री एक्यूपमेंट लगाए जा रहे हैं। गवर्नमेंट कोविड वॉर रूम से इनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
मुंबई के बाद अब पुणे में भी पहली से नौवीं तक की सभी क्लासेस और कोचिंग इंस्टिट्यूट अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। इनमें क्लासेस ऑनलाइन चलाने का आदेश दिया गया है। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए महानगर पालिका ने यह निर्णय लिया है।
दिल्ली में बढ़ते कोरोना केस और ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके तहत शनिवार और रविवार को दिल्ली पूरी तरह बंद रहेगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी ऑफिस में कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा जाएगा। वहीं, प्राइवेट ऑफिस 50% कैपिसिटी के साथ काम करेंगे। दिल्ली में सोमवार को 4099 कोरोना केस मिले थे और पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 6.46% हो गई।
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में 24 घंटे में 308 नए संक्रमित मिले हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के PA भी पॉजिटिव आए हैं। राज्य में सबसे ज्यादा 137 संक्रमित इंदौर में मिले हैं। यहां 1 मरीज की मौत भी हुई है। नए संक्रमितों में 69 भोपाल से हैं। दतिया कलेक्टर संजय कुमार, उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य भी पॉजिटिव हो गए हैं
वहीं, झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को 15 जनवरी तक बंद करने फैसला लिया है। साथ ही राज्य में स्टेडियम, पार्क, जिम, स्विमिंग पूल, जू और पर्यटन स्थल भी अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि, राज्य के सभी धार्मिक स्थल खुले रहेंगे, लेकिन प्रसाद का वितरण नहीं होगा। यह नियम मंगलवार से ही लागू होगा।
पंजाब में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत फुली वैक्सीनेटेड लोगों को ही दफ्तर जाने की अनुमति होगी। इसमें सरकारी और प्राइवेट दोनों दफ्तर शामिल हैं। बार, सिनेमा हॉल, मॉल, रेस्तरां और स्पा को 50% कैपिसिटी के साथ चलाने का आदेश दिया गया है। इसके लिए कर्मचारियों को भी वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। वहीं, राज्य में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है
बिहार में नए साल के 3 दिनों में ही कोरोना ने पिछले एक महीने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिसंबर के 31 दिनों में 673 नए मामले आए थे, तो जनवरी के सिर्फ 3 दिन में ही 977 नए केस मिले हैं। 1 और 2 जनवरी के केस को जोड़ने पर 633 मामले हो रहे हैं, जो दिसंबर के 673 केस से सिर्फ 40 ही कम हैं।
देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बड़ा फैसला लिया है। ICMR ने ओमिक्रॉन का पता लगाने वाली नई किट को मंजूरी दी है। ओमिश्योर नाम के इस किट को टाटा मेडिकल ने तैयार किया है।
किट को बीते 30 को ही मंजूरी मिल गई थी, लेकिन इसकी जानकारी आज सामने आई है। फिलहाल देश में ओमिक्रॉन का पता लगाने के लिए अमेरिकी फार्मा कंपनी थर्मो फिशर की किट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोरोना हो गया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। संक्रमण का पता चलने पर उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। अरविंद केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को केजरीवाल ने देहरादून में रैली की थी। इस दौरान उन्होंने मास्क नहीं पहना था।
केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा कि उन्हें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं और फिलहाल वे घर में ही क्वारैंटाइन हो गए हैं। केजरीवाल ने अपने संपर्क में आने वाले लोगों से जांच कराने की अपील की है।
पंजाब के पटियाला में एक मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स कोविड पॉजिटिव पाए गए। राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ राज कुमार वेरका ने बताया कि राजिंद्र मेडिकल कॉलेज के 100 से ज्यादा स्टूडेंट्स सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए मिले हैं। कालेज के हॉस्टल में 1000 स्टूडेंट्स रहते हैं, जिसे खाली कराया जा रहा है।
वहीं, राज्य में कोरोना की स्थिति का जायजा लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इसमें राज्य के स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।