अमृतसर एयरपोर्ट पर कोरोना विस्फोट:इटली से आई फ्लाइट के 179 यात्रियों में से 125 निकले संक्रमित

अमृतसर एयरपोर्ट पर कोरोना विस्फोट:इटली से आई फ्लाइट के 179 यात्रियों में से 125 निकले संक्रमित

पंजाब के अमृतसर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को इटली से पहुंची एक चार्टर्ड फ्लाइट YU-661 में 125 यात्री संक्रमित मिले हैं। फ्लाइट में कुल 179 पैसेंजर सवार थे। सभी संक्रमितों को अमृतसर में क्वारैंटाइन कर दिया गया है। एयरपोर्ट पर कोरोना बम फूटने से हड़कंप मच गया है। यह पहली बार है, जब किसी एक फ्लाइट में इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं।

अमृतसर हवाई अड्डा प्राधिकरण के निदेशक वीके सेठ ने बताया कि इटली को केंद्र सरकार ने at-risk कंट्रीज की लिस्ट में शामिल किया हुआ है। इसके चलते वहां से आई फ्लाइट के करीब 11.30 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंड होने के बाद हर यात्री का टेस्ट करने का आदेश दिया गया। फ्लाइट में कुल 179 यात्री थे। सेठ ने बताया कि इनमें से 160 यात्रियों की रैपिड एंटीजन टेस्टिंग की गई, जिसमें 125 यात्री फिलहाल पॉजिटिव मिले।

कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा था कि रोम से आई फ्लाइट एयर इंडिया की थी, लेकिन एयर इंडिया ने इसका खंडन किया है। उन्होंने कहा कि हम अभी रोम से कोई फ्लाइट ऑपरेट ही नहीं कर रहे हैं।वीके सेठ ने बताया कि इटली से आई फ्लाइट के 179 यात्रियों में 17 बच्चे व 2 नवजात भी शामिल हैं। बच्चों की टेस्टिंग का फिलहाल कोई प्रावधान नहीं हैं। इसलिए उनका किसी तरह का टेस्ट नहीं किया गया। पॉजिटिव मिले सभी यात्रियों को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी यात्रियों को एयरपोर्ट अथॉरिटी के सहयोग से आइसोलेशन सेंटर्स में भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और सभी के स्वैब टेस्ट लिए जा रहे हैं। इन्हें RT-PCR टेस्टिंग के साथ-साथ जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्टिंग के लिए भी भेजा जाएगा, ताकि पता चल सके कि इनमें से कोई नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से ग्रस्त तो नहीं है।अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 1 दिसंबर 2021 से बुधवार यानी 5 जनवरी तक कुल 13 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले चुके हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने टेस्टिंग के लिए एक निजी लैब कृष्णा लैबोरेट्रीज के साथ गठजोड़ कर रखा है। हर दिन एयरपोर्ट पर करीब 300 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाता है।

पटियाला के बाद पंजाब के 5 बड़े जिलों मोहाली, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट और अमृतसर में महामारी फिर से पैर पसार रही है। सूबे में कोरोना पॉजीटिविटी रेट 7.95% तक पहुंच चुका है। अब ओमिक्रॉन के 7 केस हो गए हैं। पटियाला में 598 नए मरीज मिले हैं। चंडीगढ़ से सटे मोहाली में 300, लुधियाना में 203, जालंधर में 183, पठानकोट में 163 और अमृतसर में 105 कोरोना मरीज मिले हैं। पंजाब में 4 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। वहीं 69 मरीज लाइफ सेविंग सपोर्ट पर हैं। इनमें 53 ऑक्सीजन, 14 ICU और 2 वेंटिलेटर पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *