छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण 13 गुना तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को दिन भर में 3 हजार 455 नए मामले सामने आए। अब प्रदेश में कोरोना से बीमार हुए लोगों की संख्या बढ़कर 13 हजार 66 तक पहुंच गई है। इस संक्रमण की चपेट में वायरोलॉजी लैब के कर्मचारी और इलाज करने वाले कई डॉक्टर भी आ गए हैं।
दिसम्बर के दूसरे सप्ताह से कोरोना के मामलों में कुछ बढ़त देखी गई थी। एक जनवरी को प्रदेश में 23 हजार 590 नमूनों की जांच हुई। उस दिन 279 नए मामले सामने आए थे। एक व्यक्ति की मौत हुई। इसकी बदौलत प्रदेश में एक्टिव कोरोना मरीजों की कुल संख्या एक हजार 17 हो गई। उस दिन के बाद से कोरोना ने रफ्तार पकड़ी। 7 जनवरी को 46 हजार नमूनों की जांच में 3 हजार 455 लोग संक्रमित मिले हैं। अब कोरोना की संक्रमण दर 7.43% है। वहीं कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 13 हजार 66 तक पहुंच गए हैं।एक मरीज की मौत हुई है। बस्तर की इस महिला का इलाज रायपुर के एक अस्पताल में चल रहा था।
बिलासपुर के छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के वायरोलॉजी लैब में चार स्टॉफ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके चलते RTPCR जांच प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बलौदा बाजार जिले के 1700 से अधिक सैंपल पेंडिंग है। बिलासपुर के ही अपोलो अस्पताल में कोरोना ने एक साथ 31 लोगों को अपनी चपेट में लिया। रायपुर में एम्स और जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज के कई इंटर्न डॉक्टर और स्टाफ कोरोना से संक्रमित हुए हैं। निजी अस्पतालों के भी कई डॉक्टरों के संक्रमित होने की खबर है।
रायपुर जिले में कोरोना के व्यापक संक्रमण को दिखते हुए 117 सरकारी और निजी चिकित्सालयों में 4 हजार 847 बेड की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में इनमें से 111 बेड में कोरोना से प्रभावित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। 4 हजार 736 बेड रिक्त हैं। जिले में वर्तमान में शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में 614 सामान्य बेड, 2 हजार 520 ऑक्सीजन युक्त बेड, 541 एचडीयू बेड, 681 आईसीयू बेड और 380 टोटल वेंटीलेटर बेड रिक्त है।
संक्रमण बढ़ने के साथ होम आइसोलेशन को लेकर पूछताछ बढ़ी है। होम आइसोलेशन में रहने को इच्छुक मरीज अपना पंजीयन homeisolation.cgcovid19.in में कर सकते हैं। होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को घर पहुंच दवाई भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी तरह राज्य के किसी भी जिले के शासकीय और निजी अस्पतालों में बिस्तर की स्थिति के लिए govthealth.cg.gov.in से जानकारी ली जा सकती है।
रायपुर जिले के लिए नियंत्रण कक्ष काम शुरू कर चुका है। ऐसे लोग जिन्हें कोरोना की जांच, आइसोलेशन की सुविधा, अस्पतालों की सुविधा, एंबुलेंस, डॉक्टर से परामर्श या अन्य चिकित्सा संबंधी जानकारी लेनी है, वे नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नं. 78801-00331, 77124-45785, 78801-00332 में संपर्क कर सकते हैं।