दुनिया में बीते दिन 35.54 लाख नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। 31.06 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 9,070 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 7.27 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 4.36 लाख नए मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 3.44 लाख नए मामलों के साथ भारत तीसरे नंबर पर है।
अमेरिका में 2,485 नई मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं, भारत में 698 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 6.09 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.55 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। अब तक करीब 34.27 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.62 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.92 लाख ने जान गंवाई है।
उधर, कोरोना वायरस पैंडेमिक की शुरुआत के करीब दो साल बाद पहली बार अंटार्कटिका के बर्फीले इलाके में एक अर्जेंटीनी रिसर्च बेस इसकी चपेट में आ गया है। इस रिसर्च बेस पर 45 साइंटिस्ट और सैन्यकर्मियों में से 24 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
नेशनल डायरेक्टरेट ऑफ अंटार्कटिक गवर्नमेंट की एक अधिकारी पैट्रिशिया ऑर्तुजार ने गुरुवार को बताया कि इनमें से 9 कर्मचारियों का अब तक वैक्सीनेशन नहीं हुआ था। हालांकि इन सभी में किसी भी तरह के कोई लक्षण नहीं हैं। इन्हें रिसर्च बेस से हेलिकॉप्टर के जरिए ब्यूनस आयर्स वापस लाया गया है।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 34.29 करोड़
ठीक हुए: 27.63 करोड़
एक्टिव केस: 61.03 करोड़
कुल मौतें: 55.92 लाख
आस्ट्रियाई संसद के निचले सदन ने गुरुवार को अनिवार्य वैक्सीनेशन बिल को मंजूरी दे दी है। उपरी सदन में बिल के पास हो जाने के बाद यहां सभी वयस्कों को वैक्सीन लगवाना जरूरी हो जाएगा। यह कानून 1 फरवरी से लागू होगा। आस्ट्रिया ऐसा करने वाला यूरोपीयन यूनियन का पहला देश है। पश्चिमी यूरोप में सबसे कम वैक्सीनेशन रेट(75%) इसी देश में है। 90 लाख की आबादी वाले इस देश में रोजाना औसतन 17 हजार नए संक्रमित मिल रहे हैं।
नए संक्रमितों के मामले में दूसरे नंबर पर चल रहे फ्रांस ने कोविड नियमों में ढील देने का फैसला लिया है। यहां के PM जीन कास्टेक्स ने गुरुवार को कहा कि देश में फरवरी में कोरोना के मामले कम होंगे। इस दौरान नागरिकों को वर्क फ्रॉम होम के नियमों में छूट दी जाएगी।
यहां अगले महीने नाइट क्लब्स खोलने की भी अनुमति दी जाएगी। स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट की जगहों को 2 फरवरी से खोला जाएगा। वहीं, सिनेमा हाल और बार को 16 फरवरी से शुरु किया जा सकता है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से दुनिया में चौथे नंबर पर चल रहे ब्रिटेन ने गुरुवार से अपने यहां वर्क फ्रॉम होम को खत्म कर दिया है, यानी अब सभी को ऑफिस आकर ही काम करना होगा। यहां गुरुवार को कोरोना के 1,07,364 नए केस आए और 330 लोगों की मौत हुई, इसके बावजूद ब्रिटेन ने यह फैसला लिया है। इतना ही नहीं 27 जनवरी से आउटडोर में मास्क पहनना भी कम्पलसरी नहीं रहेगा।